Saraikela: नियोजनालय सह मॉडल कैरियर सेंटर, चांडिल के तत्वावधान में सोमवार को गांगुडीह फुटबॉल मैदान में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया. इस मेले में युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर प्रदान किए गए.
15 प्रतिष्ठित संस्थानों ने लिया हिस्सा
रोजगार मेले में ब्रह्मानंद नारायणा मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, टाटा मोटर्स, रेनोविजन एक्सपोर्ट्स, जमना ऑटो, पूर्णिमा नेत्रालय, नरसिंह इस्पात, कोल्हान माइंस एंड मिनरल्स, बजरंग इंडस्ट्रियल सिक्योरिटीज, युवा शक्ति फाउंडेशन, टैलेंटनेक्सा सर्विसेज, यूनिक सोल्यूशन, जेआईएस फाउंडेशन, अथर्व ऑटोमोबाइल सहित कुल 15 संस्थानों ने भाग लिया.
669 पदों पर हुए साक्षात्कार, 171 अभ्यर्थी चयनित
इन संस्थानों द्वारा कलेक्शन एंड क्रेडिट कंट्रोल, नर्स, एग्जीक्यूटिव असिस्टेंट, मशीन ऑपरेटर, ओपीडी असिस्टेंट, फिटर, लैब असिस्टेंट, सुपरवाइजर, ट्रेनी, वेल्डर, फैब्रिकेटर, प्लाज्मा सीएनसी, रोबोटिक्स, वीएमसी ऑपरेटर, क्वालिटी इंस्पेक्टर, इलेक्ट्रीशियन, फोर-व्हीलर सर्विस एवं असिस्टेंट ट्रेनर सहित कुल 669 पदों के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया, जिसमें 171 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया.
ALSO READ: चांडिल के गांगुडीह में रोजगार मेला: 669 पदों के लिए इंटरव्यू, 171 अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट
युवाओं में दिखा उत्साह, निःशुल्क सेवाओं की जानकारी
नियोजन पदाधिकारी आलोक कुमार टोपनो ने बताया कि रोजगार मेले में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. उन्होंने कहा कि नियोजनालय सह मॉडल कैरियर सेंटर द्वारा नियमित रूप से ऐसे रोजगार शिविरों का आयोजन किया जाता है, जिससे युवाओं को बेहतर अवसर मिल सकें.
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे आगामी रोजगार मेलों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें. साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि नियोजनालय द्वारा प्रदान की जाने वाली सभी सेवाएं पूर्णतः निःशुल्क हैं.
रोजगार मेले में नियोजन पदाधिकारी आलोक कुमार टोपनो, यंग प्रोफेशनल रवि प्रकाश सिंह, प्रीतोश कुमार, सुजीत सरदार सहित नियोजनालय के कर्मी और विभिन्न संस्थानों के एचआर प्रतिनिधि उपस्थित रहे.
