रांची: झारखंड में बेतहाशा बढ़ती बिजली दरों, अघोषित कटौती और बिलिंग की गड़बड़ियों को लेकर अब सियासत गरमा गई है. राज्य की जनता को मिल रहे महंगे झटकों के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है. प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर कल यानि 17 अप्रैल को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर भाजपा एक दिवसीय विशाल धरना प्रदर्शन कर सरकार को घेरने की तैयारी में है.
क्यों हो रहा है प्रदर्शन?
अनियमित बिलिंग: पोस्टपेड मीटरों में आ रहे मनमाने और त्रुटिपूर्ण बिलों के खिलाफ विरोध.
बिजली कटौती: भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती से त्रस्त जनता की आवाज उठाना.
दरों में वृद्धि: बिजली की बढ़ती कीमतों को वापस लेने की मांग.
सरकार की उदासीनता पर प्रहार
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, कि सरकार की लापरवाही का खामियाजा आम उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है. उन्होंने कहा एक तरफ बिजली आपूर्ति की स्थिति दयनीय है. वहीं, दूसरी ओर जनता पर महंगे और गलत बिलों का बोझ लादा जा रहा है. यह पूरी तरह से अन्यायपूर्ण है और भाजपा इसे बर्दाश्त नहीं करेगी.
कार्यकर्ताओं और जनता से अपील
कल होने वाला यह प्रदर्शन झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के कार्यपालक अभियंता कार्यालयों के समक्ष आयोजित किया जाएगा. पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं को बड़ी संख्या में जुटने का निर्देश दिया है. साथ ही, भानु प्रताप शाही ने आम जनता से भी अपील की है कि वे अपने अधिकारों की रक्षा के लिए इस जनआंदोलन का हिस्सा बनें और सरकार को जवाबदेह ठहराएं.
यह भी पढें: हजारीबाग: सरकारी अस्पतालों में प्रसूता से वसूली जाती है ढाई से तीन हजार रुपये की रंगदारी, जांच शुरू
