जमशेदपुर में बनेगा झारखंड का पहला ISBT मॉल, 153 करोड़ की बड़ी सौगात

RANCHI: झारखंड का पहला अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) सह कमर्शियल भवन जमशेदपुर में बनाया जाएगा. इसके निर्माण के लिए PPP मोड पर...

RANCHI: झारखंड का पहला अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) सह कमर्शियल भवन जमशेदपुर में बनाया जाएगा. इसके निर्माण के लिए PPP मोड पर 153.36 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है.

यह ISBT सह मॉल डिमना चौक और पारीडीह के बीच नेशनल हाईवे के किनारे 9.88 एकड़ भूमि पर विकसित किया जाएगा. इसे पूर्वी भारत के आधुनिक और आकर्षक ढांचों में शामिल करने की योजना है. जल्द ही इसके निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.

नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने इस परियोजना के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी JUDCO को सौंपते हुए निर्देश दिया है कि यात्रियों की सभी बुनियादी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए और गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य कराया जाए.

कमर्शियल भवन में मल्टीपरपज हॉल, मनोरंजन केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र, जन शौचालय, रेस्टोरेंट, फूड कोर्ट और लगभग 100 दुकानों की व्यवस्था होगी.

ISBT सह कमर्शियल भवन की खासियतें

सेंट्रल कोर्टयार्ड

यह छायादार स्थान यात्रियों के बैठने और मनोरंजन के लिए विकसित किया जाएगा. यहां जल संरचनाएं यात्रियों को सुकून प्रदान करेंगी, जबकि स्थानीय कलाकृतियां और चित्रकला इसकी सुंदरता को और बढ़ाएंगी.

षटकोणीय (Hexagonal) प्लाजा

बस टर्मिनल और कमर्शियल भवन के बीच यह एक आकर्षक कनेक्टिंग स्पेस होगा, जिसमें त्रिकोणीय जाली प्रणाली और रंगीन शीशों से बने षटकोण गतिशील छाया आकृतियां उत्पन्न करेंगे.

संरचना एवं सुविधाएं

परियोजना के तहत टर्मिनल बिल्डिंग को दो बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और प्रथम तल के साथ विकसित किया जाएगा, जबकि कमर्शियल बिल्डिंग में बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और तीन मंजिलें होंगी. पूरे परिसर को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यात्री सुविधाओं के साथ-साथ व्यावसायिक गतिविधियों को भी सुचारू रूप से संचालित किया जा सके.

ALSO READ:JAC 9th Result 2026: कोडरमा और बोकारो का दबदबा, जिलों में दिखा जबरदस्त मुकाबला, बेटियों ने मारी बाजी

बस एवं पार्किंग व्यवस्था

• 50 बसों के ठहराव (Idle Parking)

• 23 बस बे (आगमन-प्रस्थान)

• 300 कार पार्किंग

• 350 दोपहिया पार्किंग

ग्राउंड फ्लोर सुविधाएं

• 18 टिकट काउंटर

• लॉजिस्टिक सेंटर एवं क्लॉक रूम

• 300 यात्रियों की क्षमता वाला प्रतीक्षालय

• 270 वर्गमीटर में रेस्टोरेंट एवं फूड कोर्ट

• 46 दुकानें

• 250 वर्गमीटर एंकर शॉप

• 230 वर्गमीटर जन शौचालय

फर्स्ट फ्लोर सुविधाएं

• 80 यात्रियों के लिए वातानुकूलित प्रतीक्षालय

• 120 यात्रियों के लिए पैसेंजर डोरमेट्री

• 60 ड्राइवरों के लिए डोरमेट्री

• 600 वर्गमीटर फूड कोर्ट

• 450 वर्गमीटर एंकर शॉप

• ट्रैवल एडमिन ऑफिस

• प्रशासनिक कार्यालय एवं जन शौचालय

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *