Desk: क्रिकेट फैंस इस समय टी20 वर्ल्ड कप 2026 में व्यस्त हैं, लेकिन साथ ही IPL 2026 को लेकर भी उत्सुकता बढ़ती जा रही है. 26 मार्च से नए सीजन की शुरुआत होनी है. इस बीच MS Dhoni के फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है.

Chennai Super Kings के CEO कासी विश्वनाथ ने पुष्टि की है कि धोनी IPL का 19वां सीजन खेलने के लिए उपलब्ध रहेंगे. पिछले कुछ सीजन से उनके भविष्य को लेकर अटकलें लगती रही थीं, खासकर घुटने की चोट और 44 साल की उम्र को देखते हुए. खुद धोनी ने भी पहले कहा था कि वह अपने भविष्य पर फैसला बाद में करेंगे.
लेकिन पूरी राहत नहीं
सीईओ के ऐलान से CSK फैंस की बेसब्री जरूर खत्म हुई है, लेकिन इसके साथ एक अहम बात भी सामने आई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि धोनी पूरे सीजन के सभी मैच खेलेंगे या नहीं. यानी उनकी भागीदारी सीमित भी हो सकती है.
टीम में बड़ा बदलाव
पिछले सीजन के बाद CSK ने Rajasthan Royals के साथ एक बड़ी ट्रेड डील की थी. इस डील में टीम ने अपने स्टार ऑलराउंडर Ravindra Jadeja को राजस्थान भेजा और बदले में विकेटकीपर-बल्लेबाज Sanju Samson को टीम में शामिल किया.
सैमसन के आने के बाद यह लगभग साफ हो गया था कि भविष्य में वही टीम के प्रमुख विकेटकीपर की भूमिका निभाएंगे. ऐसे में संभव है कि फ्रेंचाइजी इस बदलाव की शुरुआत इसी सीजन से करे, जिसके कारण धोनी हर मैच में मैदान पर नजर न आएं.
फैंस की नजरें अब 26 मार्च पर
धोनी की वापसी से CSK समर्थकों में उत्साह जरूर है, लेकिन उनकी भूमिका क्या होगी, इस पर अभी सस्पेंस बना हुआ है. अब सभी की निगाहें 26 मार्च से शुरू हो रहे IPL 2026 पर टिकी हैं, जहां तस्वीर पूरी तरह साफ होगी.

