सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले में सामाजिक संस्था श्री शनिदेव भक्त मंडली (ट्रस्ट) द्वारा आज सोमवार को आदित्यपुर स्थित सुवर्णरेखा भवन में आयोजित महा रक्तदान शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. यह मंडली द्वारा आयोजित आठवां महा रक्तदान शिविर था. शिविर का आयोजन जमशेदपुर ब्लड सेंटर एवं वॉलिंटरी ब्लड डोनर एसोसिएशन के सहयोग से किया गया, जिसमें 1502 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य निर्धारित किया गया था. शिविर में कुल 1378 यूनिट रक्त सफलतापूर्वक संग्रह किया गया.

बड़ी संख्या में रक्तदाताओं ने भाग लिया
रक्तदान शिविर सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक चला. इस दौरान मंडली के 650 से अधिक सक्रिय सदस्यों ने व्यवस्था संभाली और कार्यक्रम को सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराया. शिविर में चांडिल, चाकुलिया, बोड़ाम, झारग्राम एवं घाटशिला सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में रक्तदाताओं ने भाग लिया. वहीं, 2500 से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा का महाप्रसाद ग्रहण किया.
अगला 79वां रक्तदान शिविर 1 मार्च को
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाना और अधिक से अधिक लोगों को इस मानवीय कार्य से जोड़ना रहा. इस अवसर पर मंडली के संरक्षक, सचिव उज्ज्वल घोष, अध्यक्ष राजेश चंचरा, उपाध्यक्ष पंकज रामा, कोषाध्यक्ष प्रेम कुमार शर्मा सहित कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे. मंडली ने जानकारी दी कि अगला 79वां रक्तदान शिविर 1 मार्च को डाक बंगला, चांडिल में एमजीएम ब्लड बैंक के सहयोग से आयोजित किया जाएगा.

