रामगढ़: जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक ज्वेलरी दुकान में डकैती करने आए दो बदमाशों की ग्रामीणों ने पिटाई कर दी. जानकारी के अनुसार, शिव शंकर नामक ज्वेलरी दुकान में पांच हथियारबंद लुटेरे घुसे और बंदूक की नोक पर लाखों रुपये के आभूषण लूटकर फरार हो गए. घटना के बाद भाग रहे लुटेरों में से दो को स्थानीय ग्रामीणों ने खदेड़कर पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी.
सदर अस्पताल में दोनों आरोपियों को हो रहा इलाज
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को अपने कब्जे में लेकर इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेजा. फिलहाल दोनों घायल लुटेरों का इलाज पुलिस अभिरक्षा में चल रहा है. अस्पताल के डॉक्टर उदय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों के सिर और पीठ पर गंभीर चोट के निशान हैं, जो लाठी-डंडे से पिटाई के कारण आए हैं. हालांकि, उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
इधर, घटना की सूचना पर एसपी मुकेश कुमार लुणायत दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. बताया जा रहा है कि अन्य तीन आरोपी लूट का माल लेकर फरार हो गए हैं. एसपी ने स्पष्ट कहा है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा. फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है.
यह भी पढ़ें: झारखंड में शिक्षा के बजट पर कैंची: 8 हजार शिक्षकों के चूल्हे पड़े ठंडे, 4 लाख छात्रों का भविष्य अधर में
