अंतर्जातीय विवाह के प्रतिशोध में हुई थी संतोष साव की हत्या, दो साल बाद मुख्य शूटर बिहार से गिरफ्तार

Palamu: छतरपुर पुलिस ने दो साल पूर्व हुए बहुचर्चित संतोष प्रसाद हत्याकांड में बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने मामले में...

Palamu: छतरपुर पुलिस ने दो साल पूर्व हुए बहुचर्चित संतोष प्रसाद हत्याकांड में बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने मामले में संलिप्त मुख्य शूटर रजनीश कुमार उर्फ छोटू सिंह को बिहार से गिरफ्तार कर लिया है. यह पूरा मामला अंतर्जातीय विवाह से उपजे विवाद और प्रतिशोध से जुड़ा है.

शादी का विवाद बना हत्या का कारण

घटना की जड़ें पारिवारिक रंजिश में गहरी धंसी हुई थीं. जानकारी के अनुसार, आरोपी आशुतोष कुमार सिंह की बहन ने मृतक संतोष साव के बेटे के साथ अंतर्जातीय प्रेम विवाह किया था. इस विवाह को लेकर दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से तनाव और विवाद चल रहा था. इसी का बदला लेने के लिए आशुतोष ने साजिश रची और बाहर से दो प्रोफेशनल शूटरों को बुलाया.

स्कूल गेट के सामने मारी थी गोली

गौरतलब है कि 29 अप्रैल 2024 को संतोष प्रसाद (पिता स्व. गणौरी साव) को गर्ल्स स्कूल छतरपुर के मुख्य गेट के पास निशाना बनाया गया था. हमलावरों ने उन्हें सरेआम गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी. इस मामले में पुलिस ने पहले ही साजिशकर्ता आशुतोष कुमार सिंह उर्फ बुट्टा और रोशन कुमार को दो देसी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था.

ALSO READ: हजारीबाग में डीजल संकट गहराया, पेट्रोल पंपों पर मचा हाहाकार

पुलिस ने की फरार शूटर की गिरफ्तारी

घटना के बाद से ही मुख्य आरोपी रजनीश कुमार उर्फ छोटू सिंह (23 वर्ष), जो बिहार के रोहतास जिले के धर्मपुरा थाना अंतर्गत ग्राम हथनी का निवासी है, फरार चल रहा था. पलामू पुलिस की टीम ने लगातार पीछा करते हुए उसे 22 अप्रैल 2026 को बिहार से दबोच लिया. छतरपुर थाना कांड संख्या 74/24 के तहत आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज करते हुए पुलिस ने उसे आज, न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

इस सफल कार्रवाई को छतरपुर थाना के सब-इंस्पेक्टर सुशील उरांव और सशस्त्र बल के जवानों ने अंजाम दिया. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अपराध में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *