News Desk: बिहार में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ली, जिससे लोगों को तेज गर्मी से थोड़ी राहत मिली. सुबह के समय पटना समेत कई जिलों में हल्के बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलीं. इसी बीच मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है. हालांकि, उत्तर-पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य क्षेत्रों में कुछ जगहों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहने और सामान्य से 3–4 डिग्री ज्यादा रहने की उम्मीद है.
शनिवार और रविवार का मौसम पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, सीवान, सारण, गोपालगंज, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, भागलपुर, बांका, जमुई और मुंगेर जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है. वहीं रविवार को पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय और जहानाबाद में भी एक-दो जगहों पर बारिश की संभावना है.
आने वाले दिनों का मौसम
मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार से अगले सात दिनों तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में कहीं-कहीं बारिश होती रह सकती है. हालांकि तापमान में ज्यादा गिरावट की उम्मीद नहीं है, लेकिन लोगों को गर्मी से कुछ राहत जरूर मिलेगी.
पिछले 24 घंटे का हाल
पिछले 24 घंटों में बक्सर में सबसे ज्यादा 44.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि नालंदा में न्यूनतम तापमान 21.0 डिग्री रहा. राज्य का अधिकतम तापमान 36.2 से 44.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.0 से 27.7 डिग्री के बीच रहा. पूर्वी चंपारण, बक्सर और शेखपुरा में लू चली. पटना में हवा की अधिकतम गति 52 किमी प्रति घंटा दर्ज की गई.
1 से 7 मई तक का अनुमान
24 से 30 अप्रैल के बीच पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार में तापमान 40 से 42 डिग्री के बीच रह सकता है, जबकि अन्य जिलों में यह 38 से 40 डिग्री के आसपास रहेगा. मई के पहले सप्ताह में दक्षिण-पश्चिम बिहार के कुछ इलाकों में 2–3 दिन लू चलने की आशंका है. 1 से 7 मई के दौरान दक्षिण-मध्य भागों में तापमान 40 से 44 डिग्री तक जा सकता है, जबकि अन्य क्षेत्रों में 38 से 40 डिग्री रहने की संभावना है. वहीं उत्तर-पूर्वी जिलों में तापमान 36 से 38 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है. न्यूनतम तापमान में खास बदलाव की उम्मीद नहीं है.
