Deoghar: फॉर्च्यूनर से लूट की घटना को अंजाम देने पहुंचे अपराधियों ने अपने ही साथी को गोली मार दी. इसके बाद एक अपराधी की मौके पर ही मौत हो गई. यह घटना गुरुवार की देर रात जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोड्डा मुख्य पथ पर जयपुर मोड़ के पास हुई. लूट की कोशिश के दौरान अपराधियों के बीच ही गोली चलने से एक अपराधी की जान चली गई.
कैसे हुई वारदात
जानकारी के अनुसार, रांची से साहिबगंज जा रही शीतल पेय कंपनी की फ्रिज लदी मालवाहक गाड़ी को रोककर लूटने के इरादे से चार अपराधी एमपी नंबर की फॉर्च्यूनर कार से पहुंचे थे. अपराधियों ने वाहन चालक के साथ मारपीट करते हुए लूटपाट शुरू ही की थी कि इसी दौरान एक अपराधी द्वारा चलाई गई गोली उसके ही साथी को लग गई. गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
अस्पताल में मौत
घटना से घबराए अन्य साथी उसे फॉर्च्यूनर में डालकर देवघर सदर अस्पताल पहुंचे और वहीं छोड़कर फरार हो गए. इसके बाद अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
पुलिस की कार्रवाई
इधर, घायल को अस्पताल पहुंचाने के बाद एक युवक दोबारा अस्पताल लौटा, जहां पहले से मौजूद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया. बताया जा रहा है कि पकड़ा गया युवक मृतक का रिश्तेदार है.
