Ranchi: झारखंड में JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं को लेकर सियासी हलचल एक बार फिर तेज हो गई है. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बंधु तिर्की ने झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश को पत्र लिखकर राज्य गठन के बाद JPSC और JSSC द्वारा आयोजित सभी भर्ती परीक्षाओं की व्यापक जांच कराने की मांग की है. पत्र में उन्होंने सरकार से दोनों आयोगों पर श्वेत पत्र जारी करने की भी मांग की है, ताकि अब तक हुई परीक्षाओं, नियुक्तियों और उनसे जुड़े विवादों की पूरी जानकारी सार्वजनिक हो सके.
मुख्यमंत्री से मुलाकात का किया आग्रह
अपने पत्र में बंधु तिर्की ने मांग की है कि जांच पूरी होने के बाद मामलों का फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से त्वरित निपटारा कराया जाए तथा जिन पदाधिकारियों या अन्य संबंधित लोगों की भूमिका दोषी पाई जाए, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
उन्होंने यह भी आग्रह किया है कि इस मुद्दे पर कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अभ्यर्थियों की मांगों और चिंताओं से अवगत कराए, ताकि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और युवाओं का विश्वास बहाल किया जा सके.
ALSO READ: अब घर बैठे बुक होगा रांची नगर निगम का कम्युनिटी हॉल, पहले चरण में 16 हॉल होंगे ऑनलाइन
