Jamshedpur: यात्री ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी से परेशान यात्रियों का गुस्सा शनिवार को टाटानगर रेलवे स्टेशन पर फूट पड़ा. रेल यात्री संघर्ष समिति की तरफ से स्टेशन परिसर में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया. अभियान में जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय समेत कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए.

यात्रियों ने जताई रेलवे प्रशासन पर नाराजगी
मौके पर मौजूद यात्रियों और स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन के खिलाफ काफी नाराजगी जताई. लोगों का कहना था कि टाटानगर से गुजरने वाली अधिकांश यात्री ट्रेनें घंटों लेट चल रही हैं, जिससे छात्रों, नौकरीपेशा और मरीजों को भारी परेशानी हो रही है.
मालगाड़ियों को प्राथमिकता देने का आरोप
यात्रियों ने आरोप लगाया कि मालगाड़ियों को प्राथमिकता दिए जाने के कारण यात्री ट्रेनें आउटर पर खड़ी रहती हैं और समय पर स्टेशन नहीं पहुंच पातीं.
रेलवे की आंख खोलने को अभियान: सरयू राय
विधायक सरयू राय ने कहा कि रेल यात्री संघर्ष समिति द्वारा यह हस्ताक्षर अभियान रेलवे प्रशासन की आंख खोलने के लिए चलाया गया है, ताकि यात्री ट्रेनों को समय पर चलाया जा सके. उन्होंने मांग की कि सभी यात्री ट्रेनें समय पर आएं और यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो.
हजारों यात्रियों ने किया समर्थन, दी चेतावनी
अभियान के दौरान हजारों यात्रियों ने हस्ताक्षर कर समर्थन दिया. समिति ने चेतावनी दी कि अगर 15 दिनों में व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो डीआरएम कार्यालय का घेराव किया जाएगा. साथ ही हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन रेल मंत्री और जोनल जीएम को भेजा जाएगा.
Also Read: सरायकेला: क्या वन विभाग का काम हाथियों को भगाना है? संरक्षण या संघर्ष – उठ रहे सवाल
कार्यक्रम में रेल यात्री संघर्ष समिति के अध्यक्ष राकेश सिंह, सचिव सुनील गुप्ता समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे.
