छतरपुर पुलिस ने शराब तस्करी के बड़े खेल का किया भंडाफोड़, 840 लीटर अवैध स्पिरिट के साथ 6 तस्कर गिरफ्तार

Palamu: पलामू पुलिस को अवैध शराब और स्पिरिट के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है....

Chhatarpur police
अवैध स्पिरिट के साथ 6 तस्कर गिरफ्तार

Palamu: पलामू पुलिस को अवैध शराब और स्पिरिट के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. छतरपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध स्पिरिट जब्त की है, जिसे बिहार ले जाने की योजना थी. इस मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक कार चालक मौके से फरार होने में सफल रहा.

अवैध स्पिरिट लेकर बिहार की ओर जा रही थी पिकअप

पुलिस को रविवार सुबह गश्ती के दौरान सूचना मिली थी, कि छतरपुर-जपला मुख्य पथ स्थित शराब दुकान के समीप से एक सफेद रंग की पिकअप गाड़ी अवैध स्पिरिट लेकर बिहार की ओर जा रही है. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने घेराबंदी की. इस दौरान पिकअप को एस्कॉर्ट कर रही एक स्विफ्ट कार चालक पुलिस को देख गाड़ी लेकर फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर पिकअप वैन (JH02BQ 2869) को दबोच लिया.

पिकअप की तलाशी लेने पर पुलिस ने 24 डिब्बों में बंद करीब 840 लीटर अवैध स्पिरिट बरामद की. वाहन पर सवार व्यक्ति स्पिरिट से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके. पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे इसे अवैध रूप से बिहार ले जा रहे थे. पुलिस ने मौके से स्पिरिट के अलावा 11,000 रुपये नकद और 5 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं.

​छह आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

पुलिस ने इस मामले में औरंगाबाद (बिहार) निवासी छह युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान अमन कुमार (18 वर्ष), शंकर दयाल (24 वर्ष), पियूष सिंह (27 वर्ष), प्रिंस कुमार (19 वर्ष), अमन कुमार (22 वर्ष) और विकास कुमार (24 वर्ष) के रूप में हुई है.

छतरपुर थाना में इस संबंध में कांड संख्या 60/26 दर्ज की गई है. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और झारखंड उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस फरार स्विफ्ट कार और उसके मालिक की पहचान करने के लिए छापेमारी कर रही है. पलामू पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा.

यह भी पढ़ें: मतदाता सूची में नाम कटने नहीं देंगे, कांग्रेस का प्रखंड संवाद कार्यक्रम

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *