Latehar: जिले के छिपादोहर थाना क्षेत्र में सोमवार को पुलिस और प्रशासन ने सामाजिक सुधार की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया. लातेहार के एसपी कुमार गौरव ने स्वयं क्षेत्र का दौरा कर आत्मसमर्पित नक्सलियों और उनके परिजनों के साथ एक विशेष संवाद बैठक की. इस बैठक का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि मुख्यधारा में लौटे लोग सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर एक सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर सकें.
पुनर्वास योजनाओं की समीक्षा और मौके पर समाधान
बैठक के दौरान एसपी कुमार गौरव ने आत्मसमर्पित नक्सलियों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुना. बैठक में मुख्य रूप से समर्पण के समय घोषित पुरस्कार राशि का त्वरित भुगतान, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और कानूनी सहायता, आवास निर्माण, भूमि आवंटन और परिवारों के लिए राशन कार्ड की व्यवस्था. सभी परिजनों के लिए आयुष्मान कार्ड, स्वास्थ्य बीमा और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना जैसे मुद्दे पर समीक्षा हुई.
प्रशासन आपका साथी है, शत्रु नहीं
बैठक को संबोधित करते हुए एसपी कुमार गौरव ने एक संवेदी संदेश दिया. उन्होंने कहा कि समाज की मुख्यधारा में लौटने का आपका निर्णय सराहनीय है. लातेहार पुलिस और जिला प्रशासन केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ही नहीं, बल्कि आपके पुनर्वास के लिए भी प्रतिबद्ध है. किसी भी आपात स्थिति या समस्या में आप सीधे प्रशासन से संपर्क करें. हम हर कदम पर आपके साथ खड़े हैं.
एसपी ने इस मंच का उपयोग जंगलों में अब भी सक्रिय नक्सलियों को संदेश देने के लिए भी किया. उन्होंने सरकार की नई दिशा आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति का हवाला देते हुए कहा, कि हिंसा का रास्ता छोड़कर लौटने वालों का स्वागत किया जाएगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की नीति इतनी प्रभावी है, कि इससे न केवल सुरक्षा मिलती है, बल्कि बेहतर आजीविका का मार्ग भी प्रशस्त होता है. बैठक के दौरान जिले में आत्मसमर्पण नीति के सकारात्मक प्रभाव के आंकड़े भी साझा किए गए.
यह भी पढ़ें: सरायकेला : उपायुक्त की अध्यक्षता में समेकित जनजाति विकास अभिकरण (ITDA) विभाग की समीक्षा बैठक
