रांची के बाद अब धनबाद सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, परिसर में मचा हड़कंप

धनबाद: झारखंड की राजधानी रांची के बाद अब कोयलांचल की हृदयस्थली धनबाद से एक बड़ी खबर सामने आ रही है.बुधवार को अज्ञात...

धनबाद: झारखंड की राजधानी रांची के बाद अब कोयलांचल की हृदयस्थली धनबाद से एक बड़ी खबर सामने आ रही है.बुधवार को अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा धनबाद सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है.इस धमकी भरे ईमेल के प्राप्त होते ही अदालती कामकाज में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड पर आ गईं.

ईमेल के जरिए मिली धमकी:

जानकारी के अनुसार, बुधवार को कोर्ट प्रशासन को एक अज्ञात मेल प्राप्त हुआ, जिसमें परिसर के भीतर बम होने और उसे उड़ाने का दावा किया गया था.जैसे ही इस मेल की सूचना जिला जज और पुलिस प्रशासन को मिली, एहतियात के तौर पर पूरे कोर्ट परिसर को खाली कराने का निर्णय लिया गया.

सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन जारी:

धमकी की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गया है. फिलहाल कोर्ट के सभी प्रवेश द्वारों को सील कर दिया गया है. वकीलों, मुवक्किलों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है.पुलिस की टीमें चप्पे-चप्पे की तलाशी ले रही हैं, जिसमें हाजत, कोर्ट रूम और वकीलों के चैंबर शामिल हैं.

रांची में भी मिली थी ऐसी ही धमकी:

गौरतलब है कि बीते दिनों रांची सिविल कोर्ट को भी इसी तरह की धमकी मिली थी. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या इन दोनों घटनाओं के पीछे एक ही गिरोह का हाथ है या यह किसी की सोची-समझी साजिश है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *