Giridih: गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत खंडोली मोड़ के पास शनिवार शाम भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई. बताया जा रहा है कि दोनों युवक बाइक से लौट रहे थे, तभी उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. मृतकों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शीतलपुर निवासी आनंद कुमार (पिता- सुधीर राम) और विकास राम (पिता- स्वर्गीय राजू राम) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, दोनों युवक अपने दोस्तों के साथ खंडोली घूमने और नहाने गए थे. शाम को वापस लौटने के दौरान खंडोली मोड़ के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया. सूचना मिलते ही बेंगाबाद थाना प्रभारी अमन कुमार और मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. इस घटना के बाद शीतलपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. दोनों युवकों के घरों में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
यह भी पढ़ें : धनबाद: मुनीडीह कोल वाशरी में बड़ा हादसा, मलबे में दबने से 4 मजदूरों की मौत की आशंका
