Hazaribagh:हजारीबाग कटकमसांडी प्रखंड मुख्यालय स्थित जनगणना प्रशिक्षण केंद्र में सोमवार को उस समय अव्यवस्था का गंभीर मामला सामने आया, जब सैकड़ों शिक्षक प्रशिक्षण में भाग लेने पहुंचे. प्रशिक्षण व्यवस्था पूरी तरह चरमराई नजर आई और मौके पर मौजूद प्रभारी प्रखंड जोनल पदाधिकारी रामचंद्र यादव व्यवस्थाओं को संभालने में असफल दिखे.
अव्यवस्थित प्रबंधन के कारण शिक्षकों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा
सबसे अधिक नाराजगी भोजन व्यवस्था को लेकर देखने को मिली. प्रशिक्षण केंद्र पर भोजन की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण शिक्षक इधर-उधर बैठकर खाना खाते नजर आए. कई शिक्षक खुले में, तो कुछ सीढ़ियों पर खड़े होकर भोजन करने को मजबूर दिखे. यह स्थिति न केवल असुविधाजनक थी, बल्कि शिक्षकों के सम्मान को भी ठेस पहुंचाने वाली रही.
बाहर से आए लोगों के सामने इस तरह की स्थिति ने शिक्षकों को असहज कर दिया
इस अव्यवस्था को देखकर शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष चंदन कुमार मेहता ने भी गहरी नाराजगी जताई. उन्होंने कहा, “शिक्षकों को इस तरह अव्यवस्थित माहौल में प्रशिक्षण देना और उनके भोजन तक की समुचित व्यवस्था नहीं करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. यह प्रशासनिक लापरवाही का स्पष्ट उदाहरण है”. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो शिक्षक संघ इस मुद्दे को गंभीरता से उठाएगा.
प्रशिक्षण में शामिल कई शिक्षकों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि उन्हें सुबह से ही बैठने की उचित व्यवस्था नहीं मिल सकी.वहीं भोजन के समय भी भारी अव्यवस्था का सामना करना पड़ा शिक्षकों का कहना है कि इस तरह के माहौल में प्रशिक्षण की गुणवत्ता भी प्रभावित होती है.स्थानीय स्तर पर यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है. लोगों का सवाल है कि जब जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य के लिए प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है, तो उसकी तैयारी और प्रबंधन में इतनी लापरवाही क्यों बरती गई. अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाता है.
Also Read:कोडरमा : 10वीं के छात्र ने की खुदकुशी, परिजनों ने किया सड़क जाम, स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप
