Ranchi: हरमू बाईपास को जाम से राहत दिलाने और शहर में बेहतर सड़क व्यवस्था विकसित करने की दिशा में रांची नगर निगम और स्टेट हाईवे अथॉरिटी ऑफ झारखंड (SHAJ) ने संयुक्त निरीक्षण किया. इस दौरान प्रस्तावित मॉडल कॉरिडोर और फ्लाईओवर परियोजना को लेकर कई अहम फैसले लिए गए. नगर निगम राम मंदिर (कांके रोड) से रातू रोड चौक, हरमू बाईपा. होते हुए धुर्वा तक मॉडल कॉरिडोर विकसित कर रहा है। वहीं, स्टेट हाईवे अथॉरिटी हरमू बाईपास पर करीब 3.5 किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर बनाने की तैयारी कर रही है. यह फ्लाईओवर सहजानंद चौक से शुरू होकर हरमू रोड और रातू रोड चौक को पार करते हुए कांके रोड की जज कॉलोनी के पास तक जाएगा. फिलहाल इस परियोजना की टेंडर प्रक्रिया चल रही है और 10 अगस्त इसकी अंतिम तिथि है.
यह भी पढ़ें: झारखंड छात्र आंदोलन पर भाजपा का हमला, राहुल गांधी से पूछा- युवाओं से मिलने कब आएंगे?


कॉरिडोर को आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया जाएगा
निरीक्षण के दौरान तय किया गया कि हरमू बाईपास पर नगर निगम की ओर से चल रहे फुटपाथ निर्माण का काम अभी रोक दिया जाएगा. अधिकारियों का कहना है कि फ्लाईओवर बनने के बाद इसी परियोजना के तहत नए फुटपाथ, सर्विस लेन, ड्रेनेज सिस्टम और यूटिलिटी डक्ट बनाए जाएंगे. इससे दोबारा निर्माण पर खर्च नहीं होगा और काम भी व्यवस्थित तरीके से पूरा किया जा सकेगा. अधिकारियों के मुताबिक फ्लाईओवर बनने के बाद पूरे कॉरिडोर को आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया जाएगा, जिससे वाहन चालकों और पैदल चलने वालों दोनों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी.


