Ranchi: झारखंड के पलामू, गढ़वा और लातेहार में आज बिजली और पानी के संकट को लेकर माहौल गरमा गया. भीषण गर्मी के बीच बुनियादी सुविधाओं की कमी से परेशान लोगों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा. जिला मुख्यालयों पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए लोगों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि एक तरफ तापमान लगातार बढ़ रहा है, वहीं दूसरी तरफ गांव से लेकर शहर तक लोग पानी और बिजली के लिए तरस रहे हैं. घंटों-घंटों बिजली गायब रहना और पीने के पानी की किल्लत ने हालात को बेहद गंभीर बना दिया है. आरोप है कि सरकार की लापरवाही और खराब प्रबंधन ने इस संकट को और गहरा कर दिया है.
यह भी पढ़ें : सरकार की सिंचाई प्रबंधन में बड़े बदलाव की तैयारी, नई नियमावली का प्रारूप जारी, जनता से मांगे सुझाव

प्रदर्शन में भाजपा के कई नेता हुए शामिल
लोगों का साफ कहना है कि शिकायतें लगातार की जा रही हैं, लेकिन समाधान कहीं नजर नहीं आ रहा. यही वजह है कि अब जनता खुद सड़कों पर उतरकर विरोध जताने को मजबूर हो गई है. इस विरोध प्रदर्शन में कई बड़े नेता भी शामिल हुए. भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही, प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी और मनोज सिंह, प्रदेश मंत्री सुनीता सिंह, विधायक आलोक चौरसिया और सतेंद्रनाथ तिवारी, पूर्व सांसद मनोज भुईंया और पूर्व विधायक पुष्पा देवी समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें : सरायकेला: बिजली-पानी संकट पर कल BJP का DC ऑफिस घेराव, दिनेशानंद गोस्वामी होंगे शामिल
