रांची: केंद्र सरकार के स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत रांची शहर में स्कूलों की सफाई व्यवस्था पर खास ध्यान दिया जा रहा है. इसी क्रम में रांची नगर निगम की टीम लगातार सरकारी और निजी विद्यालयों का निरीक्षण कर रही है और बच्चों के बीच स्वच्छता जागरूकता अभियान चला रही है.

सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस गर्ल्स का निरीक्षण
इसी कड़ी में गुरुवार को अपर प्रशासक संजय कुमार ने बरियातू रोड स्थित सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस गर्ल्स (CM School of Excellence Girls) का औचक निरीक्षण किया. उन्होंने स्कूल परिसर की सफाई, शौचालयों की स्थिति, नालियों की साफ-सफाई, सैनिटरी पैड निस्तारण व्यवस्था समेत अन्य सुविधाओं की बारीकी से जांच की. निरीक्षण के दौरान स्कूल की सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई.
हर क्लास में डस्टबिन, गीला-सूखा कचरा अलग रखने का निर्देश
अपर प्रशासक ने स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिया, कि हर कक्षा में डस्टबिन की व्यवस्था हो. गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन लगाए जाएं. साथ ही पीट कंपोस्ट को सक्रिय रखा जाए, इको क्लब का गठन किया जाए और RRR (रिड्यूस, रीयूज, रीसायकल) केंद्र स्थापित कर बच्चों को कचरा प्रबंधन के बारे में जागरूक किया जाए.
छात्राएं बनेंगी ‘स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर’
अपर प्रशासक ने कहा कि बच्चों को “स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर” बनाया जाएगा, ताकि वे घर-घर तक सफाई का संदेश पहुंचा सकें. उन्होंने कहा कि छात्र समाज का सबसे प्रभावशाली वर्ग हैं. अगर वे स्वच्छता को अपनाएंगे तो परिवार और समाज भी जागरूक होगा.
शहर को दिलानी है बेहतर रैंकिंग
उन्होंने बताया कि रांची को स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर रैंक दिलाने के लिए निगम युद्धस्तर पर काम कर रहा है. शहर को साफ-सुथरा बनाने के लिए आम लोगों की भागीदारी बेहद जरूरी है.
यह भी पढ़ें: रांची में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में, IDSP प्रशिक्षण से रोग निगरानी को मिलेगी नई धार

