Newswave Desk: विदेशों में रहने वाले भारतीयों ने एक बार फिर देश की अर्थव्यवस्था को बड़ी मजबूती दी है. साल 2024 में भारत को सबसे ज्यादा रेमिटेंस यानी विदेश से भेजा गया पैसा मिला है. ताजा रिपोर्ट के अनुसार, भारत लगातार दुनिया में सबसे ज्यादा रेमिटेंस पाने वाला देश बना हुआ है.
World Bank के अनुमान के अनुसार, 2024 में भारत को प्रवासी भारतीयों से करीब 137 अरब डॉलर से ज्यादा की रकम प्राप्त हुई है. यह आंकड़ा साल 2023 के मुकाबले काफी अधिक बताया जा रहा है. खास बात यह है कि भारत दुनिया का पहला ऐसा देश बन गया है जिसने रेमिटेंस के मामले में 100 अरब डॉलर का आंकड़ा पार किया है.

रिपोर्ट में भारत का दबदबा कायम
मंगलवार को जारी International Organization for Migration की विश्व प्रवासन रिपोर्ट 2026 में यह जानकारी सामने आई है. रिपोर्ट के मुताबिक, रेमिटेंस लिस्ट (Remittance List):
- भारत पहले स्थान पर वहीं,
- मैक्सिको दूसरे,
- फिलीपींस तीसरे और
- फ्रांस चौथे नंबर पर रहे हैं.
अगर पिछले कुछ वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो भारत को विदेशों से मिलने वाली रकम में लगातार बढ़ोतरी हुई है. साल 2010 में भारत को 53.48 अरब डॉलर का रेमिटेंस मिला था. इसके बाद 2015 में यह बढ़कर 68.91 अरब डॉलर हो गया. वहीं 2020 में यह आंकड़ा 83.15 अरब डॉलर तक पहुंचा और अब 2024 में यह बढ़कर 137.67 अरब डॉलर हो चुका है.
अमेरिका में बसे भारतीयों का सबसे बड़ा योगदान
रिपोर्ट के मुताबिक, भारत को सबसे ज्यादा रेमिटेंस अमेरिका में रहने वाले भारतीयों से मिला है. इसके अलावा सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और कुवैत में काम कर रहे भारतीयों का भी बड़ा योगदान रहा है. खासतौर पर आईटी, हेल्थ सर्विसेज और अन्य प्रोफेशनल सेक्टर में काम करने वाले भारतीय बड़ी संख्या में अपने परिवारों को भारत में पैसा भेज रहे हैं. यही वजह है कि भारत का रेमिटेंस लगातार रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच रहा है.
ALSO READ: ऑपरेशन सिंदूर के 1 साल पूरे, पीएम मोदी ने बदली DP, सेना के शौर्य को किया सलाम
