Saraikela: उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला खनन विभाग ने मंगलवार को आदित्यपुर और नीमडीह थाना क्षेत्र में संचालित ईंट भट्ठा इकाइयों का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान दो भट्ठे अवैध रूप से संचालित पाए गए.

दो भट्ठों पर मिला अवैध उत्खनन:
निरीक्षण के क्रम में आदित्यपुर थाना अंतर्गत मौजा कुलुपटांगा एवं आनंदपुर (बनडीह) में दो ईंट भट्ठा इकाइयां संचालित पाई गईं. जांच में पाया गया कि यहां मिट्टी खनिज का अवैध उत्खनन एवं भंडारण किया जा रहा था. वहीं मौजा कुलुपटांगा में एक इकाई बंद मिली.

नोटिस और मांगपत्र जारी:
जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि नियमों का उल्लंघन कर संचालित पाई गई दोनों इकाइयों के विरुद्ध विभागीय प्रावधानों के तहत नोटिस एवं मांगपत्र निर्गत करने की कार्रवाई की जा रही है. संचालकों से रॉयल्टी और जुर्माने की वसूली की जाएगी.
नीमडीह थाना अंतर्गत मौजा सिरका स्थित ईंट भट्ठा इकाई के संचालक ने मौके पर कार्यालय में राजस्व संबंधी आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत किए. विभाग इन दस्तावेजों का सत्यापन कर रहा है.
ALSO READ: SDPO और सर्किल इंस्पेक्टरों की लापरवाही उजागर, थानों का निरीक्षण न करने पर गिरेगी गाज
DC के सख्त निर्देश:
उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन की गतिविधियों के विरुद्ध सतत निगरानी रखी जाए. उन्होंने कहा कि बिना पर्यावरणीय स्वीकृति, CTO और खनन विभाग की NOC के कोई भी ईंट भट्ठा संचालित नहीं होगा. नियम तोड़ने वालों पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. खनन विभाग ने बताया कि अवैध ईंट भट्ठों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.

