Hazaribag: नगर निगम के सफाई कर्मचारी सनी राम के असामयिक निधन से निगम कर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई. शुक्रवार को अखिल भारतीय मजदूर यूनियन के नेतृत्व में नगर निगम परिसर में एक शोक सभा का आयोजन कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी गई. अपने साथी के प्रति सम्मान प्रकट करने के लिए सफाई कर्मियों ने शोक सभा के उपरांत आज का सफाई कार्य पूर्णतः स्थगित रखा.
अंतिम संस्कार के लिए तत्काल सहायता की मांग
शोक सभा को संबोधित करते हुए यूनियन अध्यक्ष विवेक वाल्मीकि ने कहा कि निगम बोर्ड के प्रावधान के अनुसार किसी भी कर्मचारी के निधन पर तत्काल ₹10,000 की सहायता राशि देने का नियम है, लेकिन प्रशासनिक देरी के कारण आश्रितों को परेशान होना पड़ता है. उन्होंने जोर देकर कहा कि कर्मचारियों की एकता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है, जिसके दम पर वे आपसी सहयोग से अंतिम विदाई की मर्यादा को गरिमापूर्ण तरीके से पूर्ण करते हैं.

मदद के लिए आगे आए उप महापौर और प्रधान सहायक
इस दुखद घड़ी में संवेदनशीलता का परिचय देते हुए नगर निगम के प्रधान सहायक निरंजन सिंह ने प्रशासनिक औपचारिकता का इंतजार किए बिना व्यक्तिगत रूप से ₹5,000 की सहायता राशि पीड़ित परिवार को सौंपी. वहीं, उप महापौर अविनाश यादव द्वारा भी परिवार को ₹2,000 की आर्थिक मदद प्रदान की गई.
शोक सभा में ये रहे मौजूद
मौके पर हेड जमादार दीपक गोस्वामी, सेनेटरी इंस्पेक्टर उमेश व ओमप्रकाश, सफाई पर्यवेक्षक चुमू राम व गौतम राम, हेड जमादार सहायक रविकांत कुमार सिंह, सीनियर चालक अहमद रजा सहित सभी वार्ड जमादार, चालक और बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी उपस्थित थे.
