Giridih: गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत इसरी बाजार में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया. तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पर ऐसा कहर बरपाया कि देखते ही देखते घटनास्थल चीख-पुकार और अफरा-तफरी में बदल गया. हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि की गयी है, जबकि 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा तब हुया जब तेज रफ्तार ट्रक ने पहले एक कार को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. घटना के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित होकर सड़क पर उतर आए और ट्रक चालक को रोकने की कोशिश करने लगे. इसी बीच चालक ट्रक लेकर मौके से भागने लगा. भागने के दौरान अनियंत्रित ट्रक सड़क पर खड़े और गुजर रहे कई वाहनों को रौंदता चला गया. ट्रक की चपेट में बाइक, ऑटो, कार समेत कई छोटे वाहन आ गए. सड़क किनारे मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. कुछ लोग ट्रक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद घटनास्थल पर कई वाहन क्षतिग्रस्त हालत में बिखरे पड़े दिखाई दिए.
यह भी पढ़ें: झारखंड पुलिस: तबादलों की शिकायतों के निपटारे के लिए एडीजी मनोज कौशिक की अध्यक्षता में शिकायत कोषांग समिति का पुनर्गठन


घटना के बाद अफरातफरी, तनाव
घटना की सूचना मिलते ही डुमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. पुलिस ने घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया. गंभीर रूप से घायल कई लोगों को बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर किए जाने की जानकारी भी सामने आई है. हादसे के बाद इसरी बाजार क्षेत्र में काफी देर तक तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए. पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने में लगी रही. फिलहाल दुर्घटना को लेकर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इसरी बाजार क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार लंबे समय से चिंता का विषय बनी हुई है. लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने और दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
यह भी पढ़ें: आपसी रंजिश में फायरिंग करने वाला आरोपी गिरफ्तार, कोई हताहत नहीं
