झारखंड के 24 जिलों में SAT 2053 जवान संभाल रहे हैं मोर्चा, जल्द मिलेगी नई जिम्मेवारी

Ranchi: झारखंड पुलिस मुख्यालय द्वारा राज्य के विभिन्न जिलों में तैनात स्पेशल ऑक्जिलरी पुलिस (सैट) और आईआरबी बलों की प्रतिनियुक्ति की ताजा...

Ranchi: झारखंड पुलिस मुख्यालय द्वारा राज्य के विभिन्न जिलों में तैनात स्पेशल ऑक्जिलरी पुलिस (सैट) और आईआरबी बलों की प्रतिनियुक्ति की ताजा विवरणी जारी की गई है. इस रिपोर्ट के अनुसार, राज्य के संवेदनशील इलाकों, थानों और पिकेट्स पर सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए कुल 124 सैट टीमों के 2053 जवानों को तैनात किया गया है. नए आदेश के तहत अब सैट की कुछ टीमों को क्राइम टास्क फोर्स के रूप में तब्दील किया जाएगा. राज्य के 13 संवेदनशील जिलों (SRE जिलों) से दो- दो टीमें और अन्य 11 जिलों से एक-एक टीम लेकर कुल 37 सैट टीमों को क्राइम टास्क फोर्स बनाया जाएगा.

 पलामू-लातेहार में सबसे भारी सुरक्षा

सुरक्षा के दृष्टिकोण से पलामू और लातेहार जिलों में सैट बलों की सबसे अधिक तैनाती देखी गई है. पलामू में सैट टीम संख्या एक से लेकर 34 और 97 से 99 तक की टीमें सक्रिय हैं, वहीं लातेहार में टीम संख्या 40 से 47 के साथ-साथ आईआरबी की टीमें भी मोर्चा संभाले हुए हैं.

Also Read: झारखंड राज्य कर्मचारी चयन आयोग पुराने प्रश्नपत्रों और एल्युमिनियम बॉक्स की करेगा नीलामी

राजधानी रांची की स्थिति

रांची जिले में वर्तमान में 5 सैट टीमें विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों जैसे बुंडू, तमाड़, खेलारी और सिल्ली में तैनात हैं. इसके अलावा सिमडेगा जिले में सुरक्षा के लिए नियमित सैट टीमों के अलावा चार अस्थायी सैट टीमों को भी तैनात किया गया है, जो मुख्य रूप से पाकड़टाड़, बोलवा और पांगुर पिकेट जैसे इलाकों में सक्रिय हैं. रिपोर्ट के अनुसार कोडरमा, धनबाद और पाकुड़ जैसे जिलों में वर्तमान में सैट बलों की तैनाती नहीं है.

हजारीबाग-चतरा और गिरिडीह जैसे जिलों में भी तैनाती

हजारीबाग, चतरा और गिरिडीह जैसे जिलों में भी भारी संख्या में सैट बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है. चतरा में आईआरबी-03 की कई टीमें तैनात हैं, जबकि गिरिडीह में जैप-03, 05 और 09 की टीमें विभिन्न पिकेट्स पर मुस्तैद हैं.

पूरे राज्य में वर्तमान सूची के अनुसार 124 स्थानों पर प्रतिनियुक्ति की गई है, जिसमें कुल 2053 जवान अपनी सेवाएं दे रहे हैं.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *