Ranchi: लालपुर थाना क्षेत्र के रमजान कॉलोनी में आदिवासी महिला की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने के आरोपी को लालपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान रमजान कॉलोनी निवासी राजू उर्फ हलीम खान के रूप में हुई है.
जमीन कब्जाने की थी कोशिश
बताया जा रहा है कि रमजान कॉलोनी में आदिवासी महिला की जमीन है. आरोपी राजू उर्फ हलीम खान की नजर उस जमीन पर थी और वह जमीन पर कब्जा कर उसे दूसरे लोगों को बेचना चाहता था. इसी उद्देश्य से उसने अपने लोगों को लगाकर जमीन हथियाने की कोशिश की. आरोप है कि उसने जमीन की बाउंड्री भी तोड़ दी थी.

Also Read: न्यूज वेव खास: फाइलों में कैद हुए जंगल, फील्ड में अफसरों का अकाल, झारखंड में आइएफएस के 60 पद खाली, प्रभार में चल रहा तंत्र
महिला ने दर्ज कराई थी प्राथमिकी
घटना के बाद पीड़ित महिला ने लालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद आरोपी को पहले भी गिरफ्तार किया गया था, लेकिन अपनी पहुंच और प्रभाव के कारण वह थाना से छूट गया था.
फिर से महिला को कर रहा था परेशान
थाना से छूटने के बाद आरोपी फिर से महिला को परेशान करने लगा. इसके बाद महिला ने वरीय पुलिस अधिकारियों से शिकायत की. शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ वारंट जारी किया गया.
वारंटी को भेजा जाएगा जेल
लालपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वारंटी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने बताया कि सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को जेल भेजा जाएगा.
