Khunti: खूंटी जिले की तपकरा पुलिस ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन समेत भारी मात्रा में जंगल की लकड़ी जब्त की है. मामले में वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार 9 मई 2026 को पुलिस अधीक्षक खूंटी को गुप्त सूचना मिली थी कि तपकरा थाना क्षेत्र से एक सफेद रंग की पिकअप गाड़ी में जंगल से चोरी की गई लकड़ी को अवैध रूप से लोहाजिमी से कालेट की ओर ले जाया जा रहा है. सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तोरपा के नेतृत्व में एक छापेमारी दल का गठन किया गया.

पुलिस ने लोहाजिमी-कालेट मार्ग पर निगरानी शुरू की. इसी दौरान एक सफेद रंग की पिकअप गाड़ी आती दिखाई दी. पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर चालक वाहन को तेज गति से भगाने लगा. पुलिस ने पीछा कर कुछ दूरी पर वाहन को पकड़ लिया.
25 पीस लकड़ी और मोबाइल फोन बरामद
जांच के दौरान पिकअप वाहन (रजिस्ट्रेशन नंबर JH01DP-5810) में पीले रंग के तिरपाल से ढंकी 25 पीस चोरी की लकड़ी बरामद की गई. इसके अलावा चालक सीट के पास से LAVA कंपनी का एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ. जब पुलिस ने लकड़ी से संबंधित कागजात मांगे तो चालक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका. इसके बाद पुलिस ने लकड़ी, वाहन और मोबाइल फोन को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया.
पूछताछ में गिरफ्तार चालक ने बताया कि लकड़ी को तपकरा के एक व्यापारी तक पहुंचाने के लिए कहा गया था. इस संबंध में तपकरा थाना कांड संख्या 04/26, दिनांक 09.05.2026, धारा 317(5)/3(5) BNS एवं 41/42 वन अधिनियम 1927 के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस लकड़ी चोरी और तस्करी में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
ALSO READ: चाईबासा: सूरजमल जैन डीएवी स्कूल में धूमधाम से मनी गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर जयंती
19 वर्षीय चालक गिरफ्तार, कई सामान जब्त
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुनाल स्वांसी (19 वर्ष), पिता कृष्णा स्वांसी, निवासी चुकाटोली, थाना तपकरा, जिला खूंटी के रूप में हुई है. बरामद सामानों में एक पिकअप वाहन, 25 पीस चोरी की लकड़ी (अनुमानित मूल्य करीब 50 हजार रुपये) और एक मोबाइल फोन शामिल है.
छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी क्रिस्टोफर केरकेट्टा, थाना प्रभारी नितेश कुमार गुप्ता, एसआई रामजी यादव, एसआई जलेश्वर उरांव तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
