बुंडू: क्षेत्र में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं पर आखिरकार बड़ा एक्शन हुआ है. बुंडू पुलिस ने सुनियोजित कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके पास से 9 चोरी की मोटरसाइकिलें और एक ट्रैक्टर बरामद किया है.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश अहीर, जीतलाल महली और भूपेश महतो के रूप में हुई है. तीनों बुंडू थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं और लंबे समय से चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे.
Also Read: बैंक की छुट्टी: सोमवार को निबटा लें जरूरी काम, 28 फरवरी से 4 मार्च तक बैंक रहेंगे बंद
कैसे हुआ गिरोह का पर्दाफाश
प्रेस कॉन्फ्रेंस में इंस्पेक्टर राम कुमार वर्मा ने बताया कि वरीय अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली थी कि ताऊ इलाके में चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री की तैयारी चल रही है. सूचना मिलते ही स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) का गठन कर ताऊ मैदान में एंटी-क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया.
चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध को मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा गया. पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर गिरोह के अन्य सदस्यों को भी धर दबोचा. उनकी निशानदेही पर 9 अलग-अलग चोरी की मोटरसाइकिलें और एक ट्रैक्टर बरामद किया गया.
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और आगे की जांच जारी है. इस बड़ी कार्रवाई के बाद क्षेत्र में बाइक चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद है. वहीं अपराधियों में भी खौफ का माहौल है.

