Giridih: गिरिडीह जिले मे भीषण गर्मी के बीच शहर में गहराते बिजली और पेयजल संकट को लेकर भाजपा ने सोमवार को जोरदार आक्रोश प्रदर्शन किया. भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राज्य की मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सरकार पर भ्रष्टाचार, लापरवाही और जनसमस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए शहर की सड़कों पर जमकर प्रदर्शन किया.
कई विधायक और सैकड़ों कार्यकर्ता हुए शामिल
प्रदर्शन में कोडरमा विधायक नीरा यादव , बगोदार विधायक नागेंदर महतो , जमुआ विधायक मंजू कुमारी , भाजपा महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत राय समेत प्रदेश, जिला, मंडल और पंचायत स्तर के सैकड़ों नेता-कार्यकर्ता शामिल हुए. पपरवाटांड़ दुर्गा मंडप के पास से शुरू हुआ भाजपा का विरोध मार्च शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए उपायुक्त कार्यालय पहुंचा. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “हेमंत सरकार होश में आओ”, पानी-बिजली दो या कुर्सी छोडो,जनता त्रस्त, सरकार मस्त, जैसे नारों से पूरे शहर को गुंजायमान कर दिया. कई कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते नजर आए.


Read Also: खेलों में बनाना है करियर? जानिए भारत में एथलीट बनने का पूरा रास्ता
पपरवाटांड़ से उपायुक्त कार्यालय तक निकला विरोध मार्च
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि भीषण गर्मी में गिरिडीह की जनता बूंद-बूंद पानी और घंटों बिजली कटौती से परेशान है, लेकिन सरकार पूरी तरह संवेदनहीन बनी हुई है. नेताओं ने कहा कि शहर के कई वार्डों में नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है और बिजली व्यवस्था भी पूरी तरह चरमरा चुकी है. सभा को संबोधित करते हुए नीरा यादव ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो चुकी है. उन्होंने आरोप लगाया कि जनता की बुनियादी समस्याओं को दूर करने के बजाय सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है. उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन में भारी अनियमितता हुई है और केंद्र सरकार द्वारा भेजी गई हजारों करोड़ की राशि का सही उपयोग नहीं किया गया.

Read Also: RIMS : कर्मचारियों ने किया घेराव, जल्द वेतन भुगतान नहीं होने पर करेंगे कार्य बहिष्कार
बिजली कटौती और जल संकट पर सरकार को घेरा
वहीं नागेंद्र महतो ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था, बिजली, पानी और विकास कार्य पूरी तरह ठप हो चुके हैं. आम लोग परेशान हैं, लेकिन सरकार केवल राजनीतिक बयानबाजी में व्यस्त है. भाजपा नेताओं ने दावा किया कि झारखंड भाजपा द्वारा 6 मई से 12 मई तक पूरे राज्य में प्रमंडलवार आंदोलन चलाया जा रहा है और गिरिडीह का यह प्रदर्शन उसी अभियान का हिस्सा है. नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली और पानी की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भाजपा सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन को और उग्र करेगी. प्रदर्शन के बाद भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन गिरिडीह उपायुक्त को सौंपते हुए जिले में नियमित बिजली आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था में सुधार और कथित भ्रष्टाचार की जांच की मांग की.

