Ranchi: रांची स्थित लोक भवन में छतरपुर नगर पंचायत के नगर अध्यक्ष अरविंद गुप्ता ‘चुनमुन’ ने झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से शिष्टाचार मुलाकात कर छतरपुर के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत ज्ञापन सौंपा. इस अवसर पर नगर अध्यक्ष ने राज्यपाल को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया. मुलाकात के दौरान अरविंद गुप्ता ने छतरपुर को अलग जिला बनाए जाने की मांग प्रमुखता से रखते हुए कहा कि वर्तमान समय में क्षेत्र की आबादी, भौगोलिक स्थिति और प्रशासनिक आवश्यकताओं को देखते हुए छतरपुर जिला बनने की सभी योग्यताओं को पूरा करता है. उन्होंने कहा कि पलामू से अलग होकर जिला बनने पर छतरपुर में प्रशासनिक व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा आम लोगों को सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा. साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार और व्यापार के क्षेत्र में भी तेजी से विकास का मार्ग प्रशस्त होगा.
यह भी पढ़ें: रांची में अब 4 रंग के डस्टबिन से होगी कचरे की पहचान, SWM नियम 2026 पर नगर निगम ने शुरू की तैयारी

राज्यपाल ने सकारात्मक पहल का दिया भरोसा
नगर अध्यक्ष ने राज्यपाल से छतरपुर नगर पंचायत के समग्र विकास के लिए विशेष विकास निधि उपलब्ध कराने की मांग भी की. उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में पेयजल, सड़क, विद्युत, स्वच्छता, यातायात व्यवस्था तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए अतिरिक्त आर्थिक सहयोग की आवश्यकता है. उन्होंने नगर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और विकास योजनाओं की जानकारी भी विस्तारपूर्वक राज्यपाल के समक्ष रखी. राज्यपाल ने नगर अध्यक्ष की बातों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया.
यह भी पढ़ें: EXCLUSIVE: झारखंड पुलिस में अब डिजिटल क्रांति: FIR और फाइनल फॉर्म पर होंगे थाना प्रभारियों के ई-साइन
