Chaibasa: जैंतगढ़ क्षेत्र में एक ही दिन दो अलग-अलग स्थानों पर सांप निकलने से लोगों में दहशत फैल गई. सूचना मिलते ही स्नेक कैचर मो. शाजू मौके पर पहुंचे और दोनों सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू कर उन्हें जंगल में छोड़ दिया. बांस कांटा गांव में महिलाओं ने एक घर के छप्पर में नाग सांप को लटका हुआ देखा. सांप दिखाई देते ही घर के लोग डरकर बाहर निकल गए और इसकी सूचना स्नेक कैचर मो. शाजू को दी गई. करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद उन्होंने सांप को सुरक्षित पकड़ लिया और रजिया सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया.
टायर की दुकान में घुसा धमना सांप
दूसरी घटना जैंतगढ़ बस पड़ाव के सामने स्थित एक टायर की दुकान की है, जहां एक धमना सांप घुस गया. दुकानदार ने सांप को देखकर आसपास के लोगों को बुलाया और स्नेक कैचर मो. शाजू को सूचना दी. मौके पर पहुंचकर उन्होंने सांप का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया और उसे भी रजिया सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया.

गर्मी में बढ़ रही सांप निकलने की घटनाएं
स्नेक कैचर मो. शाजू ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण इन दिनों सांप अपने बिलों से बाहर निकल रहे हैं. उन्होंने लोगों से अपील की कि सांप दिखने पर घबराएं नहीं, उसे मारने की कोशिश न करें और तुरंत प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम या वन विभाग को सूचना दें.
ALSO READ : झारखंड: 2 युवा फुटबॉलरों सहित 12 से अधिक लोगों की मौत, राज्यसभा सांसद परिमल नथवाणी ने जताया शोक


