Hazaribagh: केरेडारी क्षेत्र में मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने विशेष छापेमारी अभियान चलाया. अभियान के दौरान बड़काआम इलाके से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करते हुए तीन युवकों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया. पुलिस की कार्रवाई के बाद नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है. गिरफ्तार आरोपियों में टंडवा के पांडेमोड़ निवासी राहुल ठाकुर (पिता- मोहन ठाकुर), केरेडारी निवासी किशोर कुमार (पिता- गणेश महतो) तथा मनोज साव (पिता- डालेश्वर साव) शामिल हैं. पुलिस ने तीनों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद न्यायिक हिरासत में हजारीबाग जेल भेज दिया.
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
केरेडारी थाना कांड संख्या 80/26 के तहत तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी), 22(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से ब्राउन शुगर बरामद होने की भी पुष्टि की है. थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि केरेडारी क्षेत्र में लंबे समय से नशे के कारोबार की सूचना मिल रही थी. इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा. नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.



