Ranchi: झारखंड में किसानों के मुद्दे पर भाजपा ने हेमंत सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने घोषणा की है कि 15 से 20 मई तक राज्य के सभी प्रखंड मुख्यालयों में एकदिवसीय धरना कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. भाजपा ने आरोप लगाया है कि चुनाव से पहले किसानों से बड़े-बड़े वादे करने वाली महागठबंधन सरकार सत्ता में आते ही सब भूल गई. पार्टी का कहना है कि किसानों को 3200 रुपये प्रति क्विंटल एमएसपी, मुफ्त बिजली, सस्ती खाद-बीज और कृषि उपकरण देने जैसे वादे आज तक पूरे नहीं हुए.
यह भी पढ़ें: रांची: नगड़ी की सड़कों से स्टेडियम तक की समस्याओं को जिला परिषद ने DC के सामने रखी, सौंपा ज्ञापन

266 की यूरिया 800 में बिक रही, सरकार सो रही
भाजपा ने खाद की कालाबाजारी को लेकर भी सरकार पर जोरदार हमला बोला. पार्टी का आरोप है कि 266 रुपये वाली यूरिया की बोरी किसानों को 550 से 800 रुपये तक में बेची जा रही है. भाजपा ने कहा कि हालात इतने खराब हैं कि पीडीएस का नमक तक कालाबाजारी की भेंट चढ़ गया है. आदित्य साहू ने कहा कि पूर्व की भाजपा सरकार द्वारा शुरू की गई मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना को बंद कर दिया गया और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में भी बाधाएं खड़ी की गईं. उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार पूरी तरह किसान और गरीब विरोधी मानसिकता से काम कर रही है.
यह भी पढ़ें: झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने दागी पुलिस पदाधिकारी को किया बर्खास्त, दुष्कर्म और पोक्सो एक्ट के तहत हुई गिरफ्तारी
ओलावृष्टि ने तोड़ी किसानों की कमर, लाखों की फसल बर्बाद
भाजपा ने बेमौसम बारिश और भारी ओलावृष्टि को लेकर भी सरकार को घेरा. पार्टी के मुताबिक रांची समेत कई जिलों में तरबूज, खीरा, ककड़ी और सब्जियों की फसल पूरी तरह तबाह हो गई है. कई किसानों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है. आदित्य साहू ने कहा कि कई किसानों ने कर्ज लेकर और गहने गिरवी रखकर खेती की थी, लेकिन ओलावृष्टि ने उनकी मेहनत और उम्मीद दोनों को कुचल दिया. भाजपा ने सरकार से तत्काल सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है.
गरीबों के टूटे घरों की भी सुध ले सरकार
भाजपा ने दावा किया कि कई इलाकों में गरीब परिवारों के घर भी बारिश और ओलावृष्टि से क्षतिग्रस्त हुए हैं. पार्टी ने सरकार से ऐसे परिवारों को तत्काल राहत और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की मांग की है.
