कोडरमा: जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र काराखुट स्थित बंद पड़े एक पत्थर खदान में एक महिला के डूब जाने से उसकी मौत हो गई है. मृतका की पहचान 50 वर्षीय संगीता देवी, पति विजय सिंह के रूप में की गई है. मामले की जानकारी देते हुए जानकारी के अनुसार शनिवार की सुबह काराखुट स्थित बंद पड़े खदान में संगीता देवी कपड़ा धोने गई हुई थी.इधर काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह वापस अपने घर नहीं लौटीं तो उनकी छोटी पुत्री उसे ढूंढने के लिए उक्त खादान के पास गई. वहां पहुंचने पर उसने देखा कि जिस जगह संगीता कपड़ा धो रही थी, वहां पर कपड़ा पड़ा हुआ था और उसकी मां लापता थी. जिसके पस्चात उसने इसकी सूचना घर जाकर अपने पिता व अन्य लोगों को दी. जिसके पस्चात सभी लोग उक्त खादान के पास पहुंचे और उनकी खोजबीन शुरू कर दी. इधर परिजनों ने आशंका जताई है कि कपड़ा धोने के दरमियान संगीता का पैर फिसल गया होगा और वह खदान के गहरे पानी में जा गिरी होंगी. इधर मृतका के परिजन व ग्रामीण शव को खादान के गहरे पानी से बाहर निकालने में जुटे हैं. इधर घटना की सूचना डोमचांच पुलिस को मिली, जिसके बाद डोमचांच थाना प्रभारी अभिमन्यु पड़िहार घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की तहकीकात में जुट गए हैं. उन्होंने बताया कि उक्त खादान काफी समय से बंद पड़ा हुआ है. जो करीब 60 से 70 फीट तक गहरा है. उन्होंने बताया कि शव की तलाशी के लिए चौपारण से गोताखोरों को बुलाया गया है.वहीं एनडीआरएफ को भी बुलाया जा रहा है. जल्द ही शव को बाहर निकाल लिया जाएगा.बताते चलें कि कोडरमा जिले में कई ऐसे खदान है जो बंद पड़े हैं और उसमें पानी भरा हुआ है, जो आए दिन आम लोगों के जीवन के लिए मुसीबत बन चुका है.


