रांची : भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने निकाय चुनाव परिणामों को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि सरकार के तिकड़म, षड्यंत्र और सत्ता के दुरुपयोग के बावजूद सत्ताधारी गठबंधन को हार का सामना करना पड़ा. उनके अनुसार वार्ड स्तर से लेकर नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायतों तक बड़ी संख्या में भाजपा समर्थित और विचार परिवार से जुड़े उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है. उन्होंने दावा किया कि चुनाव परिणामों से स्पष्ट है कि जनता का झुकाव भाजपा की राष्ट्रवादी सोच और सेवाभावी कार्यशैली की ओर है.

Also Read : मिडिल ईस्ट में बड़ा धमाका: ईरान का अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइल हमला, कई देशों में हड़कंप
बैलेट पेपर और प्रशासनिक भूमिका पर उठाए सवाल
आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि चुनाव की घोषणा के बाद भी सरकार साजिश से बाज नहीं आई. उन्होंने कहा कि ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से चुनाव कराने का फैसला मतदान को प्रभावित करने की कोशिश थी. रांची नगर निगम चुनाव का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा समर्थित उम्मीदवार रोशनी खलखो समेत अन्य प्रत्याशियों के लगभग 40 हजार वोट रद्द होना गंभीर सवाल खड़े करता है. उनका आरोप है कि पुलिस-प्रशासन का दुरुपयोग किया गया और मतगणना को प्रभावित करने की कोशिश हुई.
Also Read : नगर निगम चुनाव: धनबाद मेयर पद के लिए संजीव सिंह 25 हजार मत से आगे
मतगणना और आचार संहिता उल्लंघन के आरोप
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने चक्रधरपुर, चाईबासा, चास और देवघर का जिक्र करते हुए कहा कि प्रशासनिक सहयोग से भाजपा समर्थित जीते हुए उम्मीदवारों को हराने का प्रयास किया गया. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वोट खरीदने के लिए खुलेआम पैसे बांटे गए और एक वोट के बदले 3000 रुपये तक देने की बात सामने आई. आचार संहिता के दौरान योजनाओं की राशि बांटकर मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश की गई. उन्होंने कहा कि इन सबके बावजूद जनता ने सत्ताधारी दलों को नकारते हुए बड़ा संदेश दिया है और राज्य सरकार के अहंकार पर करारा प्रहार किया है.

