Bokaro : शनिवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा की महानगर कमेटी ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और महंगाई के खिलाफ साइकिल जुलूस निकाला. यह जुलूस गोविंद मार्केट से शुरू होकर कुर्मीडीह तक गया. महानगर अध्यक्ष मंटू यादव के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने मोटर वाहनों की जगह साइकिल चलाकर केंद्र सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई. नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम लोगों का जीना मुश्किल हो गया है और अब मध्यम वर्ग तथा गरीब परिवारों के लिए वाहन चलाना भी भारी पड़ रहा है.

झामुमो नेताओं ने कहा- महंगाई से हर वर्ग परेशान
जुलूस के दौरान मंटू यादव ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से रसोई से लेकर परिवहन तक हर चीज महंगी हो गई है. उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतें स्थिर होने के बावजूद देश में ईंधन के दाम बढ़ाए जा रहे हैं. झामुमो नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने जल्द कीमतों पर नियंत्रण नहीं किया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. इस मौके पर मिथुन मंडल, सदानंद गोप, राकेश सिन्हा, लालमोहन हेंब्रम, रामदयाल सिंह, अशोक हेंब्रम समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे.
