Koderma : झुमरी तिलैया वासियों को जल्द ही आधुनिक और अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हाईटेक बस टर्मिनल की सौगात मिलने जा रही है. लंबे समय से व्यवस्थित बस स्टैंड की कमी के कारण शहरवासियों को जाम, अव्यवस्था और यातायात संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन अब इस महत्वाकांक्षी परियोजना से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जगी है. प्रस्तावित बस टर्मिनल चंदवारा प्रखंड के समीप लगभग 4.2 एकड़ भूमि पर विकसित किया जाएगा. इस परियोजना पर करीब 21.32 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, विभाग द्वारा टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है तथा जून के अंतिम सप्ताह से निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना जताई जा रही है. अधिकारियों के अनुसार परियोजना को 18 माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है
416 बसों के संचालन, डॉर्मिटरी और पार्किंग जैसी सुविधाओं से शहर को मिलेगी नई पहचान

नए बस टर्मिनल को ग्राउंड प्लस वन मॉडल पर विकसित किया जाएगा, यहां एक साथ 416 बसों के सुव्यवस्थित संचालन की व्यवस्था होगी, इसके अलावा कार, ऑटो और अन्य छोटे वाहनों के लिए अलग पार्किंग सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी. यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 16 बेड की डॉर्मिटरी, तीन सामान्य गेस्ट रूम, एक वीआईपी गेस्ट रूम, महिला एवं पुरुषों के लिए अलग शौचालय, गार्ड रूम तथा सर्विस व मेंटेनेंस रूम जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, वर्तमान में झुमरी तिलैया में स्थायी बस स्टैंड नहीं होने के कारण बसें मुख्य सड़कों के किनारे खड़ी रहती हैं, जिससे बाजार क्षेत्र में हमेशा जाम और अव्यवस्था की स्थिति बनी रहती है. इसका सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों, मरीजों और रोजाना दफ्तर जाने वाले लोगों पर पड़ता है. बारिश के दिनों में यह समस्या और भी गंभीर हो जाती है, ऐसे में नया बस टर्मिनल बनने के बाद शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होने की उम्मीद जताई जा रही है.
यात्रियों को बड़े शहरों जैसी सुविधाएं
रेलवे स्टेशन से प्रस्तावित बस स्टैंड की दूरी लगभग 6 से 8 किलोमीटर होगी. सड़क के दोनों ओर अभी काफी खाली जमीन उपलब्ध है, जहां भविष्य में व्यावसायिक गतिविधियों के बढ़ने की संभावना है. स्थानीय लोगों का मानना है कि बस टर्मिनल बनने से आसपास के क्षेत्रों में नए व्यापारिक प्रतिष्ठान खुलेंगे तथा ऑटो, टोटो और छोटे वाहन चालकों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे. हालांकि चयनित स्थल चंदवारा प्रखंड क्षेत्र में आता है, लेकिन झुमरी तिलैया से सटे होने के कारण इसका सीधा लाभ शहरवासियों को मिलेगा. स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों में इस परियोजना को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है. लोगों का कहना है कि आधुनिक बस टर्मिनल बनने से झुमरी तिलैया की पहचान बदलेगी और यात्रियों को बड़े शहरों जैसी सुविधाएं मिल सकेंगी.
Also Read : केरल : सीएम वीडी सतीशन समेत 20 मंत्रियों ने ली शपथ
