Ranchi: में कानून और अनुशासन की सीख देने वाले जनप्रतिनिधि और वीआईपी जब खुद नियमों की अनदेखी करने लगें, तो व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है. ऐसा ही एक मामला राजधानी रांची में सामने आया है, जहां देश के रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ जिस बाइक (JH01DZ3364) से सफर कर रहे हैं, उस पर बिना हेलमेट वाहन चलाने को लेकर एक-दो नहीं, बल्कि पूरे 11 चालान कट चुके हैं. इसके बावजूद मंत्री जी कार्यकर्ताओं के साथ सड़कों पर नजर आ रहे हैं और ट्रैफिक पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं.
मिली जानकारी के अनुसार, मंत्री संजय सेठ राजधानी की भीषण ट्रैफिक जाम की समस्या से बचने के लिए इन दिनों कार की बजाय बाइक का इस्तेमाल कर रहे हैं. हालांकि, उनकी यह सवारी अब चर्चा और विवाद का विषय बन गई है. शहर के विभिन्न चौराहों पर तैनात यातायात पुलिसकर्मी कथित तौर पर नियम उल्लंघन देख रहे हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से सवाल खड़े हो रहे हैं. चर्चा यह भी है कि रसूख के कारण कार्रवाई को लेकर अधिकारी असहज स्थिति में हैं.

Also Read: कल्पना सोरेन महाराष्ट्र दौरे पर, महिला सशक्तिकरण के मॉडल को समझने में जुटी समिति
क्या कहता है कानून
यातायात नियमों के अनुसार, यदि किसी वाहन का तीन या उससे अधिक बार चालान कट चुका हो और जुर्माना जमा नहीं किया गया हो, तो वाहन जब्त करने की कार्रवाई की जा सकती है. आम नागरिकों के मामलों में पुलिस अक्सर वाहन जब्त कर कानूनी प्रक्रिया अपनाती है, जिसके बाद लोगों को वाहन छुड़ाने के लिए औपचारिक प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है.
इस पूरे मामले ने कानून के समान अनुपालन को लेकर बहस छेड़ दी है. आम लोगों का कहना है कि जब नियमों का पालन करवाने वाले और सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोग ही सवालों के घेरे में हों, तो कानून के समान पालन की उम्मीद कैसे की जा सकती है. अब नजर इस बात पर है कि प्रशासन इस मामले में क्या रुख अपनाता है और क्या नियम सभी पर समान रूप से लागू होते दिखाई देंगे.
