Bokaro: बोकारो जिले के चंदनकियारी स्थित रवींद्र भवन में आजसू पार्टी की एक महत्वपूर्ण सांगठनिक बैठक हुई. बैठक का मुख्य उद्देश्य राजनीतिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर पार्टी की रणनीति तैयार करना तथा बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत बनाना रहा. कार्यक्रम की अध्यक्षता चंदनकियारी आजसू प्रखंड अध्यक्ष मिथिलेश महतो ने जबकि केंद्रीय सदस्य वशिष्ठ सिंह चौधरी ने मंच का संचालन किया. बैठक में संगठन के विस्तार, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी तथा बूथ स्तर पर पार्टी की मजबूती को लेकर विस्तार से चर्चा की गई.
यह भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट से NTPC को झटका, झारखंड हाईकोर्ट का फैसला बरकरार

जनसरोकारों की राजनीति करती है आजसू: लंबोदर महतो
बैठक को संबोधित करते हुए गोमिया विधानसभा के पूर्व विधायक डॉ. लम्बोदर महतो ने कहा कि आजसू पार्टी हमेशा जनसरोकारों की राजनीति करती रही है और संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों को आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया. जिलाध्यक्ष सचिन महतो ने कहा कि आने वाले समय में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने के लिए हर स्तर पर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा. बूथ स्तर का मजबूत संगठन ही पार्टी की सफलता की आधारशिला है. बैठक के समापन पर सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया.
मौके पर ये रहे मौजूद
बैठक में सांसद प्रतिनिधि दुर्गा चरण महतो, युवा मोर्चा जिला प्रभारी रितिक रजक, केंद्रीय सदस्य सुशेन रजवार, बलराम बाउरी, ज्योतिलाल महतो, दिनेश महतो, अमृत महतो, अर्जुन महतो, चित्तरंजन महतो एवं समरेश महतो सहित बड़ी संख्या में पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता एवं स्थानीय सभी बूथ लेवल एजेंट उपस्थित रहे.
