News Wave Desk पिछले कई दिनों से झारखंड के अधिकांश जिलों में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. सुबह से ही चिलचिलाती धूप और दोपहर में चल रही लू के कारण लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो रहा है. लगातार बढ़ते तापमान से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है, इसी बीच मौसम विभाग की ओर से राहत भरी खबर सामने आई है.

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार राज्य में प्री-मानसून गतिविधियां
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार राज्य में प्री-मानसून गतिविधियां धीरे-धीरे सक्रिय हो रही हैं, इसके प्रभाव से आने वाले 24 से 48 घंटों के दौरान कई जिलों में मौसम बदल सकता है. आसमान में बादल छाने, तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है. कुछ इलाकों में गरज के साथ बारिश भी हो सकती है. विशेषज्ञों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और पश्चिमी विक्षोभ के असर से वातावरण में बदलाव हो रहा है. इसी कारण तेज गर्मी के बीच अचानक मौसम करवट ले रहा है, बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से काफी राहत मिलेगी.
मौसम विभाग ने बताया
मौसम विभाग ने बताया कि कई स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. तेज आंधी और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने को कहा गया है. इस बदलते मौसम का असर खेती-किसानी पर भी सकारात्मक पड़ सकता है गर्मी से सूख रही फसलों और सब्जियों को बारिश से फायदा मिलने की उम्मीद है. वहीं जलस्तर और वातावरण में नमी बढ़ने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत महसूस होगी, हालांकि मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि बारिश के बाद उमस बढ़ सकती है, इसलिए लोगों को पर्याप्त पानी पीने और स्वास्थ्य का ध्यान रखने की जरूरत है. आने वाले दिनों में मौसम का यह बदलाव लोगों के लिए राहत लेकर आ सकता है.
