Hazaribagh: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, हजारीबाग के बैनर तले 90 दिवसीय कानूनी जागरूकता अभियान पूरे जिले में तेजी से चलाया जा रहा है. यह अभियान प्रधान जिला न्यायाधीश सह अध्यक्ष डीएलएसए ध्रुव चंद्र मिश्रा के निर्देश एवं सचिव डीएलएसए डॉ. रवि प्रकाश तिवारी की मॉनिटरिंग में संचालित हो रहा है.

इसी क्रम में ईचाक प्रखंड स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय छावनी तथा डाड़ी प्रखंड अंतर्गत झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, डाड़ी में प्रशिक्षित अधिकार मित्रों के माध्यम से विशेष कानूनी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
सामाजिक कुरीतियों और उनके कानूनी प्रावधानों पर चर्चा
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं और उपस्थित लोगों को समाज में फैली विभिन्न कुरीतियों और उनसे जुड़े कड़े कानूनों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई. अधिकार मित्रों ने मुख्य रूप से महिला उत्पीड़न, भ्रूण जांच और भ्रूण हत्या से संबंधित कानूनी अधिकारों को समझाया. डायन-भूत प्रतिषेध अधिनियम के बारे में बताते हुए इस सामाजिक कुप्रथा के दुष्प्रभावों से लोगों को अवगत कराया.
घर बैठे मिलेगी मुफ्त कानूनी सलाह: टोल फ्री नंबर 15100
अधिकार मित्रों ने नालसा एवं झालसा की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए निशुल्क विधिक सहायता के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में विस्तार से बताया. उन्होंने कहा कि इस नंबर के माध्यम से कोई भी व्यक्ति घर बैठे कानून से जुड़ी जानकारी एवं सलाह बिल्कुल मुफ्त प्राप्त कर सकता है. जिला विधिक सेवा प्राधिकार एक ऐसा मंच है, जहां लोग मात्र एक साधारण आवेदन देकर कानूनी सहायता पा सकते हैं.
ALSO READ: क्या खत्म हो गया धोनी का IPL सफर? मांजरेकर बोले- दिलचस्पी खत्म हो गई
आपसी सुलह से मुकदमों के बोझ से मिलेगी राहत
कार्यक्रम में न्याय सदन स्थित मध्यस्थता केंद्र की कार्यप्रणाली पर भी प्रकाश डाला गया. बताया गया कि यहां प्रतिदिन कई मामलों का निपटारा दोनों पक्षों की सहमति एवं आपसी सुलह-समझौते के आधार पर किया जाता है, जिससे लोगों को लंबे मुकदमों में समय और धन की बर्बादी से बड़ी राहत मिलती है. विद्यालय के प्रधानाचार्य ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएलएसए द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की सराहना की.
मौके पर ये रहे उपस्थित
इस जागरूकता कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं तथा मुख्य रूप से अधिकार मित्र निर्मल राम, अभिषेक कुमार, कंचन मेहता, सुरेंद्र कुमार, रामचंद्र राम, शशि कुमार समेत कई स्थानीय लोग उपस्थित थे.
