Chaibasa: पश्चिम सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर रेल मंडल में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. हावड़ा-बड़बिल जनशताब्दी एक्सप्रेस में सफर के दौरान एक महिला पर अपने डेढ़ माह के मासूम बच्चे को चलती ट्रेन से बाहर फेंकने का आरोप लगा है. घटना में बच्चे की मौत हो गई. वहीं दूसरे बच्चे को भी बाहर फेंकने की कोशिश की गई, लेकिन यात्रियों की सतर्कता से उसकी जान बच गई.

राजखरसावां और महालीमरुप स्टेशन के बीच हुई घटना
घटना राजखरसावां और महालीमरुप स्टेशन के बीच की बताई जा रही है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला अचानक ट्रेन में असामान्य व्यवहार करने लगी और गोद में मौजूद डेढ़ माह के बच्चे को खिड़की से बाहर फेंक दिया. यह देखकर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई.
यात्रियों ने बचाई दूसरे बच्चे की जान
बताया जा रहा है कि इसके बाद महिला अपने करीब तीन वर्षीय दूसरे बच्चे को भी ट्रेन से बाहर फेंकने का प्रयास करने लगी, लेकिन यात्रियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और बच्चे को सुरक्षित बचा लिया.
RPF ने दंपती को हिरासत में लिया
घटना के बाद यात्रियों ने महिला और उसके पति को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के हवाले कर दिया. सूचना मिलते ही आरपीएफ और रेलवे पुलिस सक्रिय हुई और रेलवे ट्रैक के किनारे से मासूम बच्चे का शव बरामद किया गया. इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई.
महिला और पति की हुई पहचान
महिला की पहचान पश्चिम सिंहभूम जिले के मझगांव क्षेत्र निवासी मुद्रावती गोप के रूप में हुई है, जबकि उसका पति शहाबुद्दीन पश्चिम बंगाल का निवासी बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार करीब चार वर्ष पहले दोनों ने विवाह किया था. इस संबंध में पहले से मझगांव थाना में एक मामला भी दर्ज होने की बात सामने आई है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों लंबे समय बाद महिला के गांव लौट रहे थे. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और महिला से पूछताछ जारी है. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और लोग इस घटना को लेकर आक्रोश जता रहे हैं.
