Gumla: घाघरा थाना क्षेत्र के शिवराजपुर तालाब में डूबे युवक ईश्वर उरांव का शव करीब 20 घंटे बाद ग्रामीणों के सहयोग से बाहर निकाला गया. ग्रामीणों के अनुसार, ईश्वर उरांव सोमवार को दिन करीब एक बजे नशे की हालत में तालाब के पास नहाने गया था. नहाने के दौरान उसने तालाब में छलांग लगा दी, लेकिन वह बाहर नहीं निकल पाया.

बताया गया कि मृतक के पिता पास में ही चरवाही कर रहे थे. उन्होंने घटना देखी, लेकिन जिस स्थान पर युवक नहा रहा था वहां पानी काफी गहरा होने के कारण वे उसे बचा नहीं सके. इसके बाद ग्रामीणों को सूचना दी गई और मामले की जानकारी पुलिस को भी दी गई.
सोमवार शाम तक चलता रहा तलाश अभियान
ग्रामीणों ने सोमवार दोपहर से ही लगातार तालाब में शव की तलाश शुरू कर दी थी. हालांकि देर शाम होने के कारण खोजबीन का काम रोकना पड़ा और पहले दिन सफलता नहीं मिल सकी. पुलिस द्वारा एनडीआरएफ टीम को सूचना देने की बात कही गई थी. मंगलवार को ग्रामीणों ने फिर से तालाब में खोज अभियान शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद जाल की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला गया. मौके पर पहुंची घाघरा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला भेज दिया.
ALSO READ: थाईलैंड में गोल्ड मेडल जीतने वाली जामताड़ा की युवा शूटर को बाबूलाल मरांडी ने किया सम्मानित
