Palamu:के डाल्टनगंज रेलवे स्टेशन पर ऑल इंडिया टिकट चेकिंग स्टॉफ ऑर्गनाइजेशन(आईआरटीसीएसओ) की ओर से भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप से परेशान यात्रियों को राहत देने के लिए एक सराहनीय पहल की गई. संगठन की ओर से स्टेशन परिसर में विशेष स्टॉल लगाकर हजारों रेल यात्रियों को नींबू-शर्बत और शीतल जल पिलाया गया. इस दौरान रेल कर्मियों ने सभी यात्रियों के सुखद और मंगलमय सफर की कामना की.

बेहाल यात्रियों को बड़ी राहत मिली
इस सेवा कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य रूप से संगठन के डिविजनल वाइस प्रेसिडेंट सह सीनियर सीआईटी बीएम पांडेय, सीआईटी दिनेश्वर राम, रौशन कुमार, बी गंझू और दिलेश्वर साव समेत कई रेलकर्मियों और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से की. भीषण गर्मी के इस दौर में ठंडे पानी और नींबू-शर्बत की व्यवस्था से ट्रेन के सफर में थके और बेहाल यात्रियों को बड़ी राहत मिली, जिससे उनके सूखे गले को तृप्ति मिली. इस विशेष अवसर पर डिविजनल उपाध्यक्ष बीएम पांडेय ने बताया कि पिछले दस वर्षों से उनका संगठन सामाजिक दायित्वों के तहत डाल्टनगंज स्टेशन परिसर में जनसेवा के विभिन्न कार्य लगातार करता आ रहा है. उन्होंने जोर देते हुए कहा कि रेल प्रबंधन के प्रति रेल यात्रियों के विश्वास को और ज्यादा सुदृढ़ करना ही उनके संगठन की सबसे पहली प्राथमिकता है. समाजसेवा के इन कार्यों से न केवल आत्मसंतुष्टि मिलती है, बल्कि मानव होने का फर्ज भी अदा होता है.
जन सेवा का कार्य जारी रहेगा
टिकट चेकिंग स्टॉफ ऑर्गनाइजेशन अपने आधिकारिक दायित्वों को पूरा करने के बाद बचे हुए समय का सदुपयोग हमेशा समाजसेवा में लगाता रहा है. यह संगठन कोरोना काल में अपनी जान की परवाह किए बिना पीड़ितों की सेवा करने और लोगों को टीका लेने के लिए जागरूक करने में अग्रणी रहा है. इसके अलावा, गर्मी में नींबू पानी पिलाने से लेकर छठ पूजा के दौरान व्रतियों के बीच आम की सूखी लकड़ियां बांटने और कड़कड़ाती ठंड में स्टेशन पर अलाव की व्यवस्था करने जैसे हर सामाजिक कार्य में यह संगठन हमेशा आगे रहता है. रेल कर्मियों ने संकल्प जताया कि आगे भी जनसेवा का यह प्रयास इसी तरह जारी रहेगा.
AlsoRead:रांची: चान्हो में विवाहिता की हत्या, कई लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस कर रही पूछताछ
