गिरिडीह में साइबर ठगी का खुलासा: फर्जी “RTO e-Challan.apk” लिंक भेजकर लोगों को बनाता था शिकार, एक गिरफ्तार

Giridih : गिरिडीह पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर साइबर ठग को गिरफ्तार किया है. पुलिस...

Giridih : गिरिडीह पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर साइबर ठग को गिरफ्तार किया है. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राताबहीयार क्षेत्र में कुछ अपराधी मोबाइल फोन के जरिए लोगों को फर्जी लिंक भेजकर ठगी कर रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर थाना की विशेष टीम सक्रिय हुई. साइबर क्राइम डीएसपी आबिद खॉ के नेतृत्व में गठित टीम ने राताबहीयार जंगल क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों में शामिल युवक संदिप कुमार मंडल को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से दो मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड बरामद किए गए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है.

पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाले खुलासे

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाले खुलासे किए. उसने बताया कि वह लोगों के मोबाइल पर “RTO e-Challan.apk” नाम से फर्जी लिंक भेजता था. जैसे ही कोई व्यक्ति उस लिंक को डाउनलोड या ओपन करता था, आरोपी को मोबाइल का एक्सेस मिल जाता था। इसके बाद वह बैंकिंग डिटेल, निजी जानकारी और ओटीपी जैसी संवेदनशील सूचनाएं हासिल कर लोगों के खातों से पैसे उड़ा देता था. आरोपी लोगों को यह कहकर डराता था कि उनके वाहन का चालान कट गया है और जल्द जुर्माना नहीं भरने पर कानूनी कार्रवाई होगी. डर और जल्दबाजी में कई लोग लिंक पर क्लिक कर ठगी का शिकार बन जाते थे.

पुलिस ने लोगों से अपील की

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी साइबर अपराध के मामले में जेल जा चुका है. उसके खिलाफ पहले से साइबर थाना कांड संख्या 12/2020 दर्ज है. जेल से बाहर आने के बाद उसने फिर से साइबर ठगी का नेटवर्क शुरू कर दिया था. फिलहाल साइबर थाना गिरिडीह में कांड संख्या 15/2026 दर्ज कर आगे की जांच जारी है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं तथा अब तक कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया गया है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, APK फाइल या फर्जी चालान मैसेज पर क्लिक न करें, किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी तुरंत साइबर थाना या स्थानीय पुलिस को दें.

Also Read : JTET में भाषा विवाद बना बड़ा मुद्दा, सरकार पर भेदभाव का आरोप

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *