Bokaro: पिस्तौल दिखाकर अपनी तलाकशुदा पत्नी को जान से मारने की धमकी देने वाले 40 वर्षीय मनोज रजवार को बोकारो पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. यह जानकारी पुलिस अधीक्षक कार्यालय, बोकारो द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी गई है. पुलिस के अनुसार, 19 मई की रात लगभग 11 बजे डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली, कि ग्राम तेतुलिया में मनोज रजवार अपनी पूर्व पत्नी लक्ष्मी देवी को पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी दे रहा है. सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर त्वरित कार्रवाई की गई.

एक देसी लोडेड कट्टा और लाल रंग की मोटरसाइकिल जब्त
SIT टीम ने ग्राम तेतुलिया में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की निशानदेही पर एक देसी लोडेड कट्टा और लाल रंग की मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर JH10CP9992) जब्त कर ली गई. बताया गया है कि आरोपी धनबाद के कतरास थाना क्षेत्र अंतर्गत कपूरिया ओपी स्थित दुखीडीह बस्ती का निवासी है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और पीड़िता के बीच लगभग तीन वर्ष पूर्व धनबाद न्यायालय से तलाक हो चुका है. उसके बाद भी आरोपी बार-बार महिला को धमकाता था और बेटी को जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास करता था. घटना के दिन पीड़िता अपनी बहन के घर ग्राम तेतुलिया आई हुई थी, जहां आरोपी ने पिस्तौल दिखाकर उसे जान से मारने की धमकी दी.
घटना के संबंध में सियालजोरी थाना में कांड संख्या 30/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया. आरोपी को 20 मई 2026 को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. छापेमारी दल में थाना प्रभारी रंजीत प्रसाद यादव समेत कई पुलिस अधिकारी एवं जवान शामिल थे.
यह भी पढ़ें: टीटीई की सतर्कता से बची मासूम की मुस्कान, सुरक्षित परिजनों से मिलवाया
