Giridih: जनस्वास्थ्य की सुरक्षा और लोगों को स्वच्छ एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ी पहल करते हुए फूड सेफ्टी व्हीकल को रवाना किया. समाहरणालय परिसर से उपायुक्त रामनिवास यादव ने बुधवार को हरी झंडी दिखाकर इस विशेष वाहन को रवाना किया.

इस दौरान सिविल सर्जन डॉ बच्चा प्रसाद सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अनिता कुजूर, खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ राजा कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
ठेला-खोमचा और सड़क किनारे बिकने वाले खाद्य पदार्थों की होगी जांच
फूड सेफ्टी व्हीकल के माध्यम से अब जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में ठेला, खोमचा और सड़क किनारे बिकने वाले खाद्य पदार्थों की नियमित जांच की जाएगी. खासकर गुपचुप, पानीपुरी, चाट, छोला, फास्ट फूड और अन्य खुले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की जाएगी, ताकि लोगों को मिलावटी और अस्वच्छ भोजन से बचाया जा सके.
मौके पर उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि सड़क किनारे बिकने वाले खाद्य पदार्थों का सेवन बड़ी संख्या में बच्चे, युवा और आम नागरिक करते हैं, इसलिए उनकी गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है. उन्होंने अधिकारियों को नियमित अभियान चलाकर जांच करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
आधुनिक उपकरणों से लैस है फूड सेफ्टी व्हीकल
उपायुक्त ने बताया कि यह फूड सेफ्टी व्हीकल आधुनिक जांच उपकरणों से लैस है, जिसके जरिए मौके पर ही कई खाद्य पदार्थों की प्राथमिक जांच की जा सकेगी. इससे मिलावटी खाद्य सामग्री की पहचान तेजी से होगी और आमजनों को सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.
सिविल सर्जन डॉ बच्चा प्रसाद सिंह ने कहा कि गर्मी के मौसम में खुले और दूषित खाद्य पदार्थों के सेवन से फूड पॉइजनिंग समेत कई बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है. ऐसे में यह अभियान लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ खाद्य सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.
ALSO READ: JTET में भाषा विवाद बना बड़ा मुद्दा, सरकार पर भेदभाव का आरोप
प्रशासन ने विक्रेताओं और आमजनों से की अपील
जिला प्रशासन ने सभी खाद्य विक्रेताओं से स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा आवश्यक लाइसेंस और पंजीकरण कराने की अपील की है. वहीं आमजनों से भी साफ-सुथरे और सुरक्षित खाद्य पदार्थों का सेवन करने तथा किसी भी गड़बड़ी की सूचना प्रशासन को देने की अपील की गई है.
