Ranchi: बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर बुधवार को भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया गया. इस दौरान केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजारापु ने कहा कि झारखंड “लैंड ऑफ फ्यूचर” के रूप में उभर रहा है. केंद्र सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में एकलव्य मॉडल स्कूलों और स्वास्थय क्षेत्र में एम्स जैसी संस्थाओं के माध्यम से राज्य को नई दिशा देने का कार्य किया है.

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार आदिवासी समाज के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है. उन्होंने आश्वासन देते हुए कहा कि रांची एयरपोर्ट का और अधिक विकास किया जाएगा. ताकि यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल सकें और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलें.
एयरपोर्ट में यात्रियों को मिली नई सुविधाएं
इस अवसर पर एयरपोर्ट में “उड़ान यात्री कैफे”, “किड्स जोन” और “फ्लाईब्ररी” का भी उद्घाटन किया गया. कार्यक्रम से पूर्व मंत्री संजय सेठ और मेयर रौशनी खलखो स्कूटी चलाकर एयरपोर्ट पहुंचे.
जमीन मिलने से रांची एयरपोर्ट का विस्तार संभव: संजय सेठ
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से 300 एकड़ और रक्षा विभाग की ओर से 52 एकड़ जमीन अधिग्रहित हो जाती है तो रांची एयरपोर्ट का बड़े स्तर पर विस्तार संभव हो सकेगा. उन्होंने रांची से काशी, रायपुर और गुवाहाटी के लिए नई उड़ानें शुरू करने की मांग भी रखी. साथ ही सीएसआर फंड का उल्लेख करते हुए कहा कि इस फंड का उपयोग स्थानीय विकास के लिए होना चाहिए.
ALSO READ: खूंटी में झारखंड पुलिस एसोसिएशन की नई टीम गठित, फुलेन्द्र रजक बने अध्यक्ष
हवाई यात्रा का किराया कम हो: महुआ माजी
राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने इस दौरान रांची से संचालित होने वाली उड़ानों के किराए को कम करने की मांग उठायी. उन्होंने कहा कि यदि विमान किराया सस्ता होगा, तो झारखंड के अधिक से अधिक लोग हवाई यात्रा का लाभ उठा सकेंगे.
उन्होंने कहा कि भविष्य की जरूरतों को देखते हुए रांची एयरपोर्ट को और बड़ा बनाया जाना चाहिए.
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में रांची नगर निगम की महापौर रोशनी खलखो, हटिया विधायक नवीन जायसवाल समेत कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे.
