Saraikela: जिले के चांडिल प्रखंड कार्यालय परिसर में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी ने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया. इसके बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया. भाजपा कार्यकर्ताओं ने हेमंत सरकार पर किसानों के साथ विश्वासघात और वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए किसानों की ज्वलंत समस्याओं को लेकर जोरदार आवाज उठाई.

सरकार पर साधा निशाना
भाजपा नेत्री कार्यक्रम प्रभारी सह जिला उपाध्यक्ष सारथी महतो ने कहा कि राज्य सरकार की गलत नीतियां किसानों के जले पर नमक छिड़कने का काम कर रही हैं. हेमंत सरकार किसानों को लेकर प्रारंभ से ही निर्दयी रही है. महागठबंधन सरकार ने चुनाव पूर्व किसानों को लेकर कई बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन उन वादों को पूरा करने में हेमंत सरकार नाकाम साबित हुई है.
वादों को लेकर घेरा
झामुमो और कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में किसानों को धान का 3200 रुपये प्रति क्विंटल न्यूनतम समर्थन मूल्य देने, वन उत्पादों के एमएसपी में 50 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी करने, कृषि कार्य के लिए मुफ्त बिजली देने, किफायती दर पर खाद-बीज और कीटनाशक उपलब्ध कराने तथा 2 लाख रुपये तक का कृषि ऋण माफ करने का वादा किया था.
फर्जी जन्म प्रमाण पत्र का मुद्दा
धरना-प्रदर्शन के दौरान पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला प्रखंड की तर्ज पर चांडिल प्रखंड में भी हजारों फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाए जाने के मामले को लेकर भाजपा ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और उच्चस्तरीय जांच की मांग उठाई.
मिलीभगत का आरोप
ग्रामीणों द्वारा की गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि राकेश कुमार गुप्ता, कंप्यूटर ऑपरेटर, चांडिल प्रखंड तथा संतोष कुमार गुप्ता, प्रज्ञा केंद्र संचालक, बागबेड़ा की मिलीभगत से बिना दस्तावेज के हजारों लोगों का फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाया गया है. इन प्रमाण पत्रों का उपयोग बीपीएल में नामांकन के साथ-साथ अन्य कार्यों में भी किया जा रहा है.
Also Read: बड़गाईं के तत्कालीन कर्मचारी भानु प्रताप प्रसाद की बेल पर 8 जून को होगी SC में हुई सुनवाई
जांच में देरी पर सवाल
भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि स्पष्टीकरण मांगे जाने के एक महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी आज तक मामले की कोई जांच नहीं हुई है. उपायुक्त द्वारा अनुमंडल पदाधिकारी को जांच का निर्देश भी दिया गया था, लेकिन कई दिन बीत जाने के बावजूद जांच शुरू नहीं हुई.
BJP ने लगाया आरोप
नित्यानंद कुंभकार ने कहा कि यह बहुत बड़ा घोटाला है. बिना दस्तावेज हजारों फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाकर सरकारी योजनाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है. इसमें प्रखंड कर्मियों और प्रज्ञा केंद्र संचालक की मिलीभगत है. प्रशासन जानबूझकर मामले को दबा रहा है.
कड़ी कार्रवाई की मांग
प्रदर्शनकारियों ने उपायुक्त से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी कर्मचारियों और प्रज्ञा केंद्र संचालक पर एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए. साथ ही अब तक बने सभी संदिग्ध जन्म प्रमाण पत्रों को रद्द किया जाए. भाजपा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.
कार्यकर्ता रहे मौजूद
धरना में कार्यक्रम प्रभारी सह जिला उपाध्यक्ष सारथी महतो, कार्यकारिणी सदस्य मनोज महतो, प्रकाश सतपति मंडल प्रभारी, जगदीश महतो, राहुल मंडल, चामुराम भुइया, पूर्व मीडिया प्रभारी दिवाकर सिंह, महिला मोर्चा की रेणुका महतो, चांदनी लोहार, सावित्री महतो समेत दर्जनों कार्यकर्ता शामिल हुए.
