Ranchi: राजधानी के हरमू स्थित पटेल चौक के पास महिला पर चाकू से हमला कर मोबाइल लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले तीन अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटा गया मोबाइल, घटना में प्रयुक्त चाकू और बाइक भी बरामद की है. गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद अली उर्फ सुफियान अली, अब्बू रेहान उर्फ आर्यन और एक नाबालिग किशोर शामिल है.


महिला पर चाकू से हमला कर लूटा था मोबाइल
जानकारी के अनुसार 30 अप्रैल 2026 की दोपहर बाइक सवार तीन अपराधियों ने पटेल चौक के समीप एक महिला को निशाना बनाया था. विरोध करने पर अपराधियों ने महिला पर चाकू से हमला कर दिया और मोबाइल लूटकर फरार हो गए थे. घटना में महिला घायल हो गई थी. मामले में अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई.
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया.
ALSO READ: हजारीबाग बाल सुधार गृह और ओपन जेल का SP ने किया औचक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था पर जताई सख्ती
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
जांच टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर 19 मई 2026 को हरमू इलाके से दो अपराधियों और एक किशोर को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद अली उर्फ सुफियान अली और अब्बू रेहान उर्फ आर्यन के रूप में हुई है. दोनों हिंदीपीढ़ी थाना क्षेत्र के निजाम नगर नदी ग्राउंड के रहने वाले हैं.
पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त बाइक (JH01FV6679), चाकू और महिला से लूटा गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया है. पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य घटनाओं में संलिप्तता की भी जांच कर रही है.
