Hazaribagh : हजारीबाग के बड़कागांव प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में भारतीय जनता पार्टी की ओर से किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर एक दिवसीय सांकेतिक धरना कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष शिवशंकर उर्फ शिबू मेहता ने की, जबकि संचालन उरीमारी मंडल अध्यक्ष विजय यादव ने किया.

धरना के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने किसानों की समस्याओं को उठाते हुए राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार की किसान विरोधी नीतियों के कारण किसान आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं. किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध नहीं हो रहा है और फसलों का उचित मूल्य भी नहीं मिल पा रहा है.
प्राकृतिक आपदा और बाजार की मार से परेशान किसान
भाजपा नेताओं ने कहा कि बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि और बाजार की मार से किसान परेशान हैं, लेकिन सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित है. धरना के दौरान किसानों के हित में कई मांगें उठाई गईं. नेताओं ने धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 3200 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करने, धान खरीद का बकाया भुगतान जल्द करने और प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का उचित मुआवजा देने की मांग की. साथ ही किसानों को समय पर खाद, बीज और कृषि उपकरण सब्सिडी पर उपलब्ध कराने की बात कही गई.
ALSO READ : मौसम अलर्ट: चलेगी तेज हवा, बारिश के साथ वज्रपात की संभावना, जानें अगले 6 दिनों का हाल
कृषि आशीर्वाद योजना फिर शुरू करने की मांग
भाजपा नेताओं ने पूर्ववर्ती भाजपा सरकार की मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना को दोबारा लागू करने की मांग उठाई. उनका कहना था कि इस योजना से किसानों को सीधा लाभ मिलता था. इसके अलावा ऋण माफी योजना की निष्पक्ष समीक्षा, गांवों में सिंचाई व्यवस्था मजबूत करने, आधुनिक कृषि तकनीक की जानकारी किसानों तक पहुंचाने तथा कोल्ड स्टोरेज और प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने की मांग भी की गई.
ALSO READ : ताल में हर 2 महीने केअस्प भीतर होगा हजारीबाग सदरफायर सेफ्टी ऑडिट, उपायुक्त ने दिए कड़े निर्देश
मुफ्त बिजली और सस्ता गैस सिलेंडर देने की मांग
धरना में फसल बीमा और पशुधन बीमा योजना की समस्याओं को दूर करने, किसानों को मुफ्त और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने तथा रसोई गैस सिलेंडर 450 रुपये में देने की मांग भी उठी. नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार किसानों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं करती है तो आंदोलन को गांव-गांव तक ले जाया जाएगा.
कार्यक्रम के बाद भाजपा नेताओं ने किसानों से जुड़ा 12 सूत्री मांग पत्र बड़कागांव अंचलाधिकारी को सौंपा.
धरना कार्यक्रम में पूर्व विधायक लोकनाथ महतो, डॉ. बालेश्वर महतो, पूनम साव, उमेश दांगी, रंजीत मेहता, श्रीकांत निराला, खेमलाल महतो, बेचन साव, सुनील उरांव समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और किसान मौजूद रहे
ALSO READ : सड़क हादसों में बचायी थी राहगीरों की जान, पलामू DC ने किया सम्मानित
